लिच्छवी एक्सप्रेस में छिनैती के दौरान महिला यात्री की मौत के बाद अब इंटरसिटी एक्सप्रेस में मोबाइल छिनैती के दौरान छात्र को चलती ट्रेन से फेंक दिया गया। इस घटना में छात्र की मौत हो गई। एक महीने के भीतर यह मुजफ्फरपुर-हाजीपुर रेलखंड पर दूसरी घटना है। इस रेलखंड पर मोबाइल छिनैती की घटनाएं रुक नहीं रही हैं।
जानकारी के मुताबक, इंटरसिटी एक्सप्रेस का मामला बीबीगंज गुमटी के पास का है। जहां बदमाशों ने मोबाइल छीनने के दौरान छात्र को ट्रेन से नीचे गिरा दिया, जिसमें उसकी मौत हो गई। इस रेलखंड पर छिनैती के दौरान एक महीने में दूसरी बार रेल यात्री की मौत हो गई। दोनों घटनाएं मुजफ्फरपुर-हाजीपुर रेलखंड पर हुईं। मोबाइल छीनने वाले अपराधी बेखौफ हैं। ट्रेनों में होने वाली छिनैती रोकती बीबीगंज में की गई है। फिर भी घटना की भनक जवानों को नहीं लगी। स्वतंत्रता दिवस को लेकर हाई अलर्ट के बीच जयनगर-दानापुर इंटरसिटी से अपराधी छात्र से मोबाइल छीनकर फरार हो गया।
दिन में रेल एसपी ने जंक्शन पर ट्रेनों की तलाशी ली थी। फिर भी इस घटना में रेल पुलिस को जांच के दौरान मोबाइल छीनने वाला बदमाश नहीं मिला। घटना के बाद मोबाइल स्विच ऑफ होने से मोबाइल अपराधी के पास होने की आशंका जताई गई। बताया जा रहा है कि मृतक मधुबनी के खिरहर निवासी जगदीश था। वह पटना में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करता था। मधुबनी से अपने साथी ऋतिक के साथ पटना के लिए निकला था। इसी दौरान मुजफ्फरपुर के बीबीगंज के पास उसकी मौत हो गई।
इससे पहले बीती 18 जुलाई को मुजफ्फरपुर-हाजीपुर रेलखंड के गोरौल के पास लिच्छवी एक्सप्रेस में एक अपराधी महिला से मोबाइल और पर्स छीनकर भागा। महिला भी अपराधी के पीछे दौड़ी। दोनों में भिड़ंत होने पर अपराधी ने चलती ट्रेन से महिला को धक्का दे दिया। इससे मौके पर ही सीतामढ़ी के सुप्पी निवासी सोनी देवी (35) की मौत हो गई थी।
सोनी देवी तीन बच्चों के साथ लिच्छवी एक्सप्रेस से पति बलराम राय से मिलने दिल्ली जा रही थी। गोरौल स्टेशन से ट्रेन सुबह 5.10 बजे खुली। इस दौरान एक अपराधी उसका मोबाइल छीनकर भागने लगा। मोबाइल लेने के लिए महिला पीछे गई, फिर उसकी लाश ट्रैक पर मिली। बाद में बच्चों के बयान से पूरे मामले का खुलासा हुआ। रेल पुलिस तब तक ट्रेन से कटकर महिला की मौत के बारे में सनहा दर्ज कर घटना को रफा-दफा कर चुकी थी। घटना के चार दिन बाद महिला का मोबाइल और अन्य सामान बरामद करते हुए आरोपित को गिरफ्तार किया। इससे पहले बीते मई महीने में बीबीगंज के पास ही मोबाइल छिनैती के दौरान एक छात्र की मौत हो गई थी।
मामले में रेल एसपी डॉ. कुमार आशीष ने बताया कि ट्रेन से गिरने से युवक की मौत हुई है। मोबाइल छिनैती के दौरान गिरने की बात सामने आई है। घटना की जांच कराई जा रही है।