नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म।
- फोटो : अमर उजाला।
बिहार के किशनगंज से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। मक्के के खेत में ढाई साल की बच्ची से दुष्कर्म करने का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, बहादुरगंज थाना क्षेत्र में रहने वाली एक दो साल छह महीने की मासूम बच्ची से दुष्कर्म की वारदात को एक 21 साल के युवक ने अंजाम दिया है।
पीड़ित बच्ची की मां ने बताया कि वह मंगलवार दोपहर अपने घर पर काम कर रही थी। उसकी बेटी घर के बाहर खेल रही थी। कुछ समय बाद जब उसने अपनी बच्ची को खोजा तो वह कहीं नहीं मिली। उसी पास के मक्के के खेत से एक बच्ची के रोने की आवाज आई। जब उसने दौड़कर खेत में जाकर देखा तो उसने अपनी बच्ची को बुरी हालत में पाया। वहीं, शमशेर नामक 21 साल का आरोपी युवक मौके से भाग निकला।
इसके बाद पीड़िता की मां बच्ची को बेहोशी की हालत में लेकर आरोपी शमसेर आलम को खोजने उसके घर पहुंची। इस दौरान आरोपी के परिजनों ने पीड़ित बच्ची की मां को थाने में न जाकर बात को दबाने की बात कही। बात न मानने पर उसे जान से मारने की धमकी दी है। इसके बाद पीड़िता मां ने थाना पहुंचकर उक्त घटना की जानकारी देते हुए आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। साथ ही न्याय की गुहार लगाई है।
बहादुरगंज थाना अध्यक्ष चितरंजन कुमार यादव ने बताया कि पीड़ित बच्ची की मां ने संपूर्ण जानकारी देते हुए केस दर्ज करवाया है। इसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।