Bihar: गया शहर में रविवार को बिजली का करंट लगने से एक किराना दुकानदार की मौत हो गई। मृतक अनूप किराना स्टोर चलाता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बिहार के गया शहर में रविवार की सुबह एक किराना दुकान के मालिक की मौत करंट लगने से हो गई। मृतक का नाम अनूप बताया जा रहा है, जिसकी उम्र करीब 50 वर्ष है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। घटना शहर के वार्ड नं 07 अंतर्गत पंचायती अखाड़ा मोहल्ले की है। घटना की जानकारी मिलते ही पड़ोस के वार्ड नं 13 के पार्षद राहुल कुमार भी पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि घटना काफी दुःखद है। वहीं, लोगों ने वार्ड नं 07 के पार्षद चुन्नू खान को भी इसकी सूचना दी है।
विज्ञापन
स्थानीय लोगों ने बताया कि जिला शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र (DIET) के ठीक सामने एक संगत मठ है। उसी के पास किराना दुकान के मालिक अनूप सड़क किनारे फूल के पेड़ से फूल तोड़ रहे थे। इसी दौरान उन्हें करंट लग गया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। अनूप का घर और दुकान पास में ही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर बड़ी तादाद में आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस अब आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
लोगों का कहना है कि जिस जगह फूल का पेड़ लगा है, उसमें बिजली का करंट कैसे प्रवाहित हो रहा था। यह जांच का विषय है। बताया गया है कि मृतक के नाम से अनूप किराना स्टोर है। इस हादसे के बाद से घटनास्थल के आसपास की सभी दुकानें बंद हैं।