भारतीय तलवारबाजी टीम में शामिल हिमाचल की बेटी ज्योतिका दत्ता चीन के सिंघाई में होने वाले सीनियर तलवारबाजी मुकाबले में हिस्सा लेने के लिए रवाना हो गई हैं। टीम में तीन अन्य खिलाड़ी भी शामिल हैं। ज्योतिका मुकाबले में हिस्सा लेने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी हैं।
उनकी आयु 18 साल है। ओलंपिक में एंट्री के लिए ज्योतिका को मेडल जीतना ही होगा। अगर वह यहां मेडल जीतने में सफल रहती हैं तो वह सीधे ओलंपिक के लिए क्वालिफाई कर लेंगी, अन्यथा उन्हें अन्य 16 खिलाड़ियों से भिड़ना होगा।
चीन रवाना होने से पहले रोहड़ू की ज्योतिका दत्ता ने अमर उजाला से बातचीत में बताया कि भारतीय टीम में रबिका देवी, स्टाफिटा और पवनदीप कौर शामिल हैं। एशियन सीनियर तलवारबाजी मुकाबले 13 से 18 अप्रैल तक होने हैं। भारतीय टीम के हौसले बुलंद हैं।
उल्लेखनीय है कि पुणे में आयोजित तलवारबाजी के सीनियर नेशनल मुकाबले में ज्योतिका ने एक स्वर्ण और एक कांस्य पद झटका है। फाइनल मुकाबले में ज्योतिका ने केरल की स्टाफिया को हराकर प्रदेश के लिए स्वर्ण पद जीता है।
इससे पहले साउथ अफ्रीका में हुए तलवारबाजी मुकाबले में भी ज्योतिका के नेतृत्व में भारतीय टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया था। इन मुकाबलों में देश के लिए रजत पदक जीत कर भारत और हिमाचल का सर गर्व से ऊंचा किया था।
इससे पहले ज्योतिका ने जूनियर एशियन चैंपियनशिप थाइलैंड 2012-13, विश्व कप दोहा 2013-14, विश्व चैंपियनशिप मोरक्को रूस 2014-15, कॉमनवेल्थ खेल दक्षिण अफ्रीका 2015 में खेल चुकी हैं।