अगर आपके पास दोपहिया वाहन है तो आपको बारिश के दौरान बाइक या स्कूटर को खुली जगह पर पार्क नहीं करना चाहिए। ऐसा करने से वाहन में जंग लगने की संभावना बढ़ सकती है। अगर दोपहिया वाहन अधिक दिनों तक बारिश में खड़ा रहेगा तो इससे वाहन की चमक पर भी बुरा असर पड़ता है।
कई बार देखा गया है कि दोपहिया वाहन के टायर भी बारिश से प्रभावित हो जाते हैं। अगर टायर ज्यादा पुराने हैं तो इनकी क्षमता और एयर प्रेशर कम होने लगता है। इसके साथ ही टायर के ट्रेड खड़े पानी में ज्यादा तेजी से खराब होते हैं। यही वजह है कि दोपहिया वाहनों के टायरों की समय-समय पर जांच करें। अगर वाहन को लंबे समय से इस्तेमाल नहीं किया गया है तो एक राइड से पहले टायरों को चेक जरूर करें।
दो पहिया वाहन के ब्रेक बारिश के दौरान काफी मायने रखते हैं। अगर वाहन ज्यादा देर से बारिश में खड़े हैं तो ब्रेक पर बुरा असर पड़ सकता है। ऐसे में जब भी गाड़ी के ब्रेक का इस्तेमाल करना हो तो पहले उसे सही से साफ कर लें। अगर ब्रेक की गुणवत्ता अच्छी नहीं है, तो गीली सड़क पर यही ब्रेक सही से काम नहीं करेंगे और कोई भी बड़ा हादसा घट सकता है, इसलिए अगर दोपहिया वाहन काफी समय से खुली जगह पर खड़ा है तो ब्रेक पर ज्यादा फोकस करें।
बारिश के मौसम में अगर दो पहिया वाहन अधिक दिनों तक खड़ा रहें तो हो सकता है कि एयर फिल्टर सही से काम न करें। दरअसल, बारिश के मौसम में एयर फिल्टर में नमी हो सकती है। ऐसे में बाइक या स्कूटर की क्षमता पर भी खराब असर पड़ता है। ऐसे में कोशिश करें कि दोपहिया वाहन को बारिश के दौरान किसी कवर वाली जगह पर पार्क करें।