टेक्नोलॉजी के दिग्गज एलन मस्क की भारत यात्रा से कुछ दिन पहले, इलेक्ट्रिक कार निर्माता Tesla (टेस्ला) का प्रतिनिधित्व करने वाले एक सलाहकार ने गुरुवार को भारत की नई इलेक्ट्रिक वाहन नीति पर हितधारकों की बैठक में भाग लिया। पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "यह नई ईवी मैन्युफेक्चरिंग नीति के लिए तैयार किए जाने वाले दिशा-निर्देशों के लिए सुझाव मांगने वाली एक हितधारक परामर्श बैठक थी। टेस्ला का प्रतिनिधित्व उसके सलाहकार दल, द एशिया ग्रुप (टीएजी) ने किया था। वियतनाम की इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी VinFast (विनफास्ट) भी बैठक में मौजूद थी।"
सूत्रों ने बताया कि बैठक में भारत के सभी प्रमुख निर्माताओं के प्रतिनिधि मौजूद थे। जिनमें मारुति सुजुकी, ह्यूंदै, टाटा, महिंद्रा, किआ, स्कोडा ऑटो फॉक्सवैगन इंडिया, रेनो शामिल थे। इसके अलावा, लग्जरी कार निर्माता मर्सिडीज-बेंज, बीएमडब्ल्यू, ऑडी के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
सूत्रों ने बताया कि मस्क के 22 अप्रैल से शुरू हो रहे सप्ताह में भारत आने की उम्मीद है।
अधिकारी ने बताया कि बैठक में भारी उद्योग मंत्रालय के अधिकारियों ने नई ईवी नीति के बारे में एक प्रस्तुति दी। उन्होंने कहा कि प्रतिभागी ज्यादातर नीति के डिटेल्स को गहराई से समझने की कोशिश कर रहे थे। यह भविष्य में निवेश करने की प्रतिबद्धता के बजाय परामर्श जैसा था।