राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को एक ईवी यात्रा पोर्टल और एक मोबाइल एप्लिकेशन को लॉन्च करेंगी। ये दोनों प्लेटफॉर्म यूजर्स को इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) को चार्ज करने के लिए नजदीकी ईवी चार्जर तक पहुंचाने में मददगार होंगे। एक बयान में यह जानकारी दी गई है।
बिजली मंत्रालय ने कहा कि बुधवार को राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार और राष्ट्रीय ऊर्जा दक्षता नवोन्मेषण पुरस्कार के विजेताओं को सम्मानित करेंगी।
बीईई ने किया तैयार
ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी (BEE), ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (बीईई) ने बिजली से चलने वाले वाहनों के लिए नजदीकी सार्वजनिक चार्जर की जानकारी देने के लिए एक मोबाइल एप्लिकेशन विकसित किया है। इसके अलावा, देश में ई-परिवहन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न केंद्रीय और राज्य स्तरीय पहल से संबंधित सूचना का प्रसार करने के लिए एक वेबसाइट बनाई है।
राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस हर साल 14 दिसंबर को मनाया जाता है। इसका मकसद ऊर्जा दक्षता और संरक्षण में देश की उपलब्धियों को दिखाना है।
बयान में कहा गया है कि इस कार्यक्रम में केंद्रीय बिजली, नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री आर के सिंह, बिजली और भारी उद्योग राज्यमंत्री कृष्णपाल, बिजली मंत्रालय के सचिव आलोक कुमार भी शामिल होंगे।
एप से मिलेगी वाहन नेवीगेशन की सुविधा
बता दें कि EV Yatra (ईवी यात्रा) नाम के एक मोबाइल एप्लीकेशन को नजदीकी सार्वजनिक ईवी चार्जर में इन व्हीकल नेविगेशन की सुविधा के लिए डिजाइन और विकसित किया गया है। इस मोबाइल एप को आईफोन और एंड्रॉयड स्मार्टफोन दोनों पर एप्पल स्टोर और गूगल प्ले स्टोर से आसानी से डाउनलोड किया जा सकता है, साथ ही आसानी से इंस्टॉल किया जा सकता है।
बीईई ने चार्जिंग पॉइंट ऑपरेटरों (सीपीओ) को राष्ट्रीय ऑनलाइन डेटाबेस में सुरक्षित रूप से अपने चार्जिंग विवरण दर्ज करने में सक्षम बनाने के लिए एक वेब-पोर्टल भी विकसित किया है।
ऊर्जा दक्षता और संरक्षण में देश की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए हर साल 14 दिसंबर को ऊर्जा संरक्षण दिवस 2022 मनाया जाता है। इस साल समारोह के मुख्य आकर्षण होंगेः
- राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार (एनईसीए) 2022
- राष्ट्रीय ऊर्जा दक्षता नवाचार पुरस्कार (एनईईआईए) 2022
- स्कूली बच्चों के लिए राष्ट्रीय पेंटिंग प्रतियोगिता 2022
- ‘ईवी- यात्रा पोर्टल’ तथा मोबाइल ऐप लॉन्च
- ऊर्जा दक्षता के क्षेत्र में उभरती नई प्रौद्योगिकियों पर सत्र