देश की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी Maruti Suzuki (मारुति सुजुकी) ने सोमवार को एलान किया कि उसने नई अपडेटेड 2022 Maruti Suzuki Baleno (मारुति सुजुकी बलेनो) प्रीमियम हैचबैक कार के लिए बुकिंग शुरू कर दी है। 2022 मारुति सुजुकी बलेनो आउटगोइंग मॉडल की तुलना में नए डिजाइन के साथ आती है। साथ ही, इसमें कई अपडेटेड फीचर्स भी शामिल किए गए हैं।
बुकिंग डिटेल्स
कंपनी ने 2022 Maruti Suzuki Baleno के बुकिंश राशि 11,000 रुपये तय की है। नई बलेनो को मौजूदा मॉडल की तरह ही मारुति सुजुकी के प्रीमियम रिटेल नेटवर्क Nexa (नेक्सा) के जरिए बेचा जाएगा। नई बलेनो को नेक्सा आउटलेट्स के साथ ही नेक्सा वेबसाइट के जरिए भी बुक कराया जा सकता है। हालांकि, वाहन निर्माता ने अभी तक कार की कीमत की घोषणा नहीं की है।
मारुति सुजुकी ने बड़े अपडेट के साथ आनेवाली नई 2022 Baleno कार का उत्पादन अपने गुजरात प्लांट में शुरू कर दिया है। बलेनो केे नए मॉडल की पहली यूनिट को 24 जनवरी को रोल-आउट किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक नई Maruti Baleno को फरवरी के आखिर में लॉन्च होने वाली है।
लुक और डिजाइन
वाहन निर्माता का दावा है कि 2022 Maruti Suzuki Baleno को क्राफ्टेड फ्यूचरिज्म डिजाइन लैंग्वेज के साथ डिजाइन किया गया है। नई बलेनो के बारे में पहले से ही बहुत सी जानकारी सामने आ चुकी है। जैसा कि पहले लीक हुई तस्वीरों और प्लांट से रोल-आउट की गई कार की सामने आई तस्वीर से पुष्टि हुई है कि, नई 2022 बलेनो के लगभग सभी बॉडी पैनल को रीडिजाइन किया गया है और जब ऊपर से देखा जाता है, तो कार अपने पिछले मॉडल की तुलना में चौड़ी दिखती है।
कार के फ्रंट लुक की बात करें, तो नई बलेनो में एल-आकार के रैपराउंड हेडलैंप मिलते हैं, जिसमें एलईडी डे-टाइम रनिंग लैंप और वैरिएंट के आधार पर प्रोजेक्टर सेट-अप मिलेगा। नई डिजाइन की गई ग्रिल में "स्माइली लुक" है और अब यह बहुत बड़ा है। अलॉय व्हील का डिजाइन भी अपडेट किया गया है और रियर लुक में भी थोड़ा बदलाव किया गया है।
साइड लुक की बात करें तो नई बलेनो का लुक आउटगोइंग मॉडल जैसा ही है। हालांकि, नए दिखने वाले हेड और टेल लैंप को समायोजित करने के लिए आगे और पीछे के फेंडर को रीडिजाइन किया गया है। कार के रियर लुक की बात करें तो, 2022 बलेनो को एक नया टेलगेट डिजाइन, नए एल-आकार के टेल लैंप मिलते हैं जो अब टेलगेट और एक नए बम्पर तक फैले हुए हैं।
नया इंटीरियर और फीचर्स
कंपनी का दावा है कि 2022 मारुति सुजुकी बलेनो में फर्स्ट-इन-सेगमेंट हेड-अप डिस्प्ले (HUD) का फीचर मिलता है। इस फीचर की मदद से ड्राइवर सड़क से नजरें हटाए बिना स्पीडोमीटर, क्लाइमेट कंट्रोल जैसी महत्वपूर्ण जानकारी देख सकता है। ऑटोमेकर का दावा है कि 2022 मारुति सुजुकी बलेनो के साथ, उसने प्रीमियम हैचबैक की सुरक्षा और सुविधा को अधिकतम करने और कार के एडवांस्ड टेक्नोलॉजी को बढ़ाने की कोशिश की है।
सुरक्षा फीचर्स
नई बलेनो के टॉप मॉडल में 6 एयरबैग तक होंगे - आगे और पीछे के यात्रियों के लिए कर्टेन बैग के साथ ड्राइवर और यात्री एयरबैग। हायर मॉडल इलेक्ट्रॉनिक स्थिरता कार्यक्रम (ईएसपी) के साथ भी आ सकते हैं।
इंजन और पावर
नई बलेनो में मौजूदा हैचबैक के इंजनों का ऑप्शन मिल सकता है। बलेनो के मौजूदा मॉडल में दो 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन का विकल्प मिलता है। एक 83hp का पावर जेनरेट करता है और दूसरा 12V माइल्ड-हाइब्रिड तकनीक के साथ 90hp का पावर जेनरेट करता है। नए मॉडल में ये दोनों विकल्प मिल सकता है। कार के फुल-हाइब्रिड वर्जन को भी लॉन्च किए जाने की चर्चा है। इसमें मैनुअल गियरबॉक्स मिलने की उम्मीद है। मारुति मौजूदा बलेनो की CVT यूनिट को AMT यूनिट से रिप्लेस कर सकती है, जैसे स्विफ्ट में मिलता है।
2022 मारुति सुजुकी बलेनो के लिए बुकिंग शुरू करने की घोषणा करते हुए, मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के वरिष्ठ कार्यकारी निदेशक (विपणन और बिक्री) शशांक श्रीवास्तव ने कहा कि बलेनो ब्रांड ने भारत में प्रीमियम हैचबैक को फिर से परिभाषित किया है। उन्होंने यह भी कहा कि दस लाख से ज्यादा यूनिट्स की बिक्री के साथ, कार प्रीमियम हैचबैक सेगमेंट पर राज करती है और लगातार देश में टॉप 5 सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों में शामिल रही है।
मुकाबला
बलेनो भारत में बेची जाने वाली सबसे लोकप्रिय कारों में से एक है। इस मॉडल का मुकाबला टाटा और ह्यूंदै के नए उत्पादों से है जो ज्यादा आरामदायक और बेहतर टेक्नोलॉजी के साथ आते हैं।