अमेरिकी वाणिज्य विभाग ने सोमवार को राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं के कारण अमेरिकी सड़कों पर कनेक्टेड व्हीकल्स में प्रमुख चीनी सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर को प्रतिबंधित करने का प्रस्ताव रखा। यह एक ऐसा कदम है जो प्रभावी रूप से लगभग सभी चीनी कारों को अमेरिकी बाजार में प्रवेश करने से रोक देगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, प्लांड रेगुलेशन (नियोजित विनियमन), आने वाले वर्षों में अमेरिकी और अन्य प्रमुख वाहन निर्माताओं को संयुक्त राज्य अमेरिका में वाहनों से प्रमुख चीनी सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर को हटाने के लिए मजबूर करेगा।
बाइडन प्रशासन ने कनेक्टेड वाहनों के जरिए अमेरिकी ड्राइवरों और बुनियादी ढांचे पर चीनी कंपनियों द्वारा डेटा एकत्र करने के साथ-साथ इंटरनेट और नेविगेशन सिस्टम से जुड़े वाहनों के संभावित विदेशी हेरफेर के बारे में गंभीर चिंता जताई है। व्हाइट हाउस ने फरवरी में संभावित खतरों की जांच का आदेश दिया था।
यह प्रतिबंध चीनी वाहन निर्माताओं द्वारा अमेरिकी सड़कों पर सेल्फ-ड्राइविंग कारों की टेस्टिंग को रोकेंगे। और रूस सहित अन्य अमेरिकी विदेशी विरोधियों द्वारा उत्पादित वाहन सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर तक लागू किए जाएंगे।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वाणिज्य सचिव जीना रायमोंडो ने एक ब्रीफिंग में कहा, "जब विदेशी विरोधी वाहन बनाने के लिए सॉफ्टवेयर बनाते हैं, जिसका मतलब है कि इसका इस्तेमाल निगरानी के लिए किया जा सकता है, इसे दूर से कंट्रोल किया जा सकता है, जो सड़क पर अमेरिकियों की गोपनीयता और सुरक्षा को खतरे में डालता है।"
उन्होंने कहा, "एक चरम स्थिति में, एक विदेशी विरोधी संयुक्त राज्य अमेरिका में चल रहे अपने सभी वाहनों को बंद कर सकता है या उन पर नियंत्रण कर सकता है, जिससे दुर्घटनाएं हो सकती हैं, सड़कें अवरुद्ध हो सकती हैं।"
Autonomous Car
- फोटो : Freepik
यह कदम चीनी वाहनों, सॉफ्टवेयर और कंपोनेंट्स पर संयुक्त राज्य अमेरिका के चल रहे प्रतिबंधों में एक महत्वपूर्ण बढ़ोतरी है। इस महीने की शुरुआत में, बाइडन प्रशासन ने चीनी आयात पर भारी टैरिफ बढ़ोतरी की, जिसमें इलेक्ट्रिक वाहनों पर 100 प्रतिशत शुल्क के साथ-साथ ईवी बैटरी और प्रमुख खनिजों पर नए शुल्क शामिल हैं।
संयुक्त राज्य अमेरिका में आयातित चीनी निर्मित कारें या हल्के-ड्यूटी ट्रक अपेक्षाकृत कम हैं। लेकिन रायमोंडो ने कहा कि विभाग "चीन या रूस से जुड़े आपूर्तिकर्ताओं, वाहन निर्माताओं और कार कंपोनेंट्स के अमेरिकी ऑटोमोटिव क्षेत्र में आम और व्यापक होने से पहले कार्रवाई कर रहा है... हम कार्रवाई करने के लिए तब तक इंतजार नहीं कर सकते हैं, जब तक कि हमारी सड़कें कारों से भर न जाएं और जोखिम बहुत ज्यादा हो जाए।"
लगभग सभी नई कारों और ट्रकों को ऑनबोर्ड नेटवर्क हार्डवेयर के साथ "कनेक्टेड" माना जाता है जो इंटरनेट एक्सेस की अनुमति देता है। जिससे उन्हें वाहन के अंदर और बाहर दोनों जगह डिवाइस के साथ डेटा साझा करने की अनुमति मिलती है।
एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने पुष्टि की है कि यह प्रस्ताव प्रभावी रूप से अमेरिकी बाजार से सभी मौजूदा चीनी लाइट-ड्यूटी कारों और ट्रकों पर प्रतिबंध लगाएगा। लेकिन उन्होंने कहा कि यह चीनी वाहन निर्माताओं को छूट के लिए "विशिष्ट प्राधिकरण" हासिल करने की अनुमति देगा।
व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने उसी ब्रीफिंग में बताया कि अमेरिका के पास चीन द्वारा महत्वपूर्ण अमेरिकी बुनियादी ढांचे में मैलवेयर (वायरस) की मौजूदगी के पर्याप्त सबूत हैं।
सुलिवन ने कहा, "सड़कों पर संभावित रूप से लाखों वाहन हैं, जिनमें से हरेक की लाइफ 10 से 15 वर्ष है। इसलिए व्यवधान का जोखिम नाटकीय रूप से बढ़ जाता है।"
ADAS
- फोटो : Freepik
वाशिंगटन में चीनी दूतावास ने पिछले महीने संयुक्त राज्य अमेरिका को चीनी वाहनों के निर्यात को सीमित करने की योजनाबद्ध कार्रवाई की आलोचना की। उसने कहा, "चीन अमेरिका से आग्रह करता है कि वह बाजार के सिद्धांतों और अंतरराष्ट्रीय व्यापार नियमों का ईमानदारी से पालन करे। और सभी देशों की कंपनियों के लिए समान अवसर बनाए। चीन अपने वैध अधिकारों और हितों की दृढ़ता से रक्षा करेगा।"
प्रस्ताव में सॉफ्टवेयर प्रतिबंधों को 2027 मॉडल वर्ष में प्रभावी बनाने का आह्वान किया गया है। जबकि हार्डवेयर प्रतिबंध 2030 मॉडल वर्ष या जनवरी 2029 में प्रभावी होगा।
वाणिज्य विभाग प्रस्ताव पर टिप्पणी करने के लिए जनता को 30 दिन का समय दे रहा है। और उम्मीद है कि 20 जनवरी तक इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा। ये नियम सभी सड़क पर चलने वाले वाहनों पर लागू होंगे। लेकिन सार्वजनिक सड़कों पर इस्तेमाल नहीं किए जाने वाले कृषि या खनन वाहनों को इससे बाहर रखा जाएगा।
जनरल मोटर्स, टोयोटा, फॉक्सवैगन और ह्यूंदै सहित प्रमुख वाहन निर्माताओं का प्रतिनिधित्व करने वाले समूह, अलायंस फॉर ऑटोमोटिव इनोवेशन, ने चेतावनी दी है कि हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर को बदलने में समय लगेगा। समूह ने उल्लेख किया कि कनेक्टेड वाहन हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर चीन सहित दुनिया भर में विकसित किए जाते हैं। लेकिन यह विस्तार से नहीं बता सका कि अमेरिकी मॉडलों में चीनी निर्मित कंपोनेंट्स किस हद तक प्रचलित हैं।