इंजन को कार का दिल कहते हैं, मगर कार को बेचने पर अगर अधिक कीमत चाहिए तो इसके लिए कार का बाहरी लुक भी अच्छा और आकर्षक होना चाहिए। इसके लिए ज्यादा खर्चा करने की जरूरत नहीं है, बस आपको टेफ्लोन कोटिंग या फिर पीपीएफ यानी पेंट प्रोटेक्शन फिल्म का इस्तेमाल कर सकते हैं। पीपीएफ के जरिए कार के पेंट को अतिरिक्त सुरक्षा मिलती है। ऐसे में कीमत में भी इजाफा संभव है।
बारिश के दौरान पुरानी कार बेचकर अच्छी कीमत वसूल करना चाहते हैं तो कार एसी पर खास ध्यान देना होगा। कार का एसी सिर्फ गर्मी में नहीं बल्कि बरसात के दौरान भी अच्छी कंडीशन में होना चाहिए, मतलब एसी की कूलिंग बेहतर होनी चाहिए। दरअसल, मानसून के मौसम में अक्सर चिपचिपी गर्मी हो जाती है, ऐसे में कार का एसी काफी काम आ सकता है। अगर आप इस मौसम में कार की ज्यादा कीमत चाहते हैं तो एसी की अच्छी सर्विस करवाएं।
बरसात के दौरान कार बेचने से पहले गाड़ी की बैटरी का सही कंडीशन में होना काफी जरूरी है। अगर कार की बैटरी खराब है या फिर काफी पुरानी हो गई है तो कार का अच्छा दाम लेने के लिए बैटरी बदल सकते हैं। ऐसा करने से कार की रिसेल कीमत में इजाफा हो जाएगा।
इसके साथ कार के ब्रेक हमेशा से ही अहम रहते हैं, अगर आप कार की अच्छी कीमत चाहते हैं तो ब्रेक पैडल या फिर ब्रेक शू में किसी भी तरह की दिक्कत को ठीक करवाके गाड़ी की कीमत बढ़ाई जा सकती है।
मौसम चाहे कोई भी हो, गर्मी हो या मानसून, मगर गाड़ी के टायरों की स्थिति हमेशा बेहतर होनी चाहिए। अगर कार के टायरों की कंडीशन अच्छी है तो फिर पुरानी कार का भी बढ़िया दाम मिल सकता है। पुरानी कार बेचकर अच्छी कीमत लेना चाहते हैं तो कार के किसी खराब टायर को बदल सकते हैं। ऐसा करने से कार का लुक भी पहले से बेहतर हो जाएगा। इसके साथ ही व्हील अलाइनमेंट और टायरों के संतुलन का भी ध्यान रखना है।