अगर आप अक्सर मोटरसाइकिल से सफर करते हैं तो बाइक में दिए गए साइड मिरर का सही ढंग से इस्तेमाल करें। जी हां, अक्सर बाइक राइडर साइड मिरर का सही तरीके से इस्तेमाल नहीं करते हैं। मगर साइड मिरर बाइक को किसी भी बड़े हादसे से बचा सकते हैं। बाइक राइडर को साइड मिरर की मदद से पीछे से आने वाले ट्रैफिक की जानकारी मिल जाती है।
आप अगर बाइक के साथ अक्सर किसी लंबे सफर पर जाते हैं तो ऐसे में बाइक को सही गियर के साथ चलाना बेहद जरूरी है। हादसा होने के पीछे कई बार राइडर का गलत गियर में बाइक चलाना भी एक बड़ा कारण होता है। जी हां, बाइक की रफ्तार के हिसाब से गियर बदलना चाहिए। ऐसा करने से बाइक का संतुलन सही रहता है और इंजन पर भी ज्यादा प्रेशर नहीं पड़ता है।
बाइक का सफर सेफ रहें, इसके लिए बहुत ज्यादा जरूरी है कि बाइक राइडर की नजर हमेशा सड़क पर होनी चाहिए। साथ ही आस-पास के वाहनों पर भी बराबर नजर रखनी है, ताकि सड़क पर चल रहे किसी भी अन्य वाहन के साथ टकराव न हो। इसके अलावा सड़क पर ओवरटेक करने से पहले पीछे से आने वाले वाहनों को सही इंडीकेटर देना जरूरी है। अगर आप ऐसा नहीं करते हैं तो कई बार बाइक किसी वाहन के साथ टकरा सकती है। ऐसे में बड़ा हादसा हो सकता है।
मोटरसाइकिल चलाते वक्त राइडर की नींद पूरी होनी चाहिए। कई बार हादसे के पीछे एक बड़ी वजह होती है कि राइडर रातभर सोते नहीं है और अगले दिन किसी लंबी बाइक राइड पर निकल जाते हैं। ऐसे में किसी भी खतरे से बचने के लिए पर्याप्त नींद जरूरी है।
बड़े शहरों की चौड़ी सड़कों पर अक्सर बाइक राइडर तय गति से ज्यादा पर बाइक चलाते हैं। ऐसे में कभी कोई आपात स्थिति आ जाए तो अचानक से ब्रेक लगाना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। भले ही बाइक में ड्रम ब्रेक हो, मगर फिर भी बाइक के ब्रेक उस समय पर काम नहीं करे तो बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसे में बाइक को हमेशा सीमित गति के साथ चलाना ही सेफ रहता है।