यह तो आप जानते ही होंगे कि इलेक्ट्रिक बाइक पूरी तरह से बैटरी पर निर्भर करती है। ऐसे में मानसून के दौरान बैटरी का खास ख्याल रखें। इलेक्ट्रिक बाइक की बैटरी को कभी भी हमेशा शून्य नहीं होने दें। साथ ही इलेक्ट्रिक बाइक की बैटरी को तय सीमा से ज्यादा भी चार्ज न करें। ऐसा करने से बैटरी की क्षमता पर बुरा असर पड़ता है और बैटरी की लाइफ कम हो जाती है। मानसून की बारिश से बैटरी को बचाकर रखें, बैटरी में बारिश का पानी नहीं जाना चाहिए, वरना बैटरी में जंग की समस्या भी हो सकती है, जिस वजह से बैटरी बदलनी पड़ सकती है।
इलेक्ट्रिक बाइक को मानसून के दौरान सही चार्जर से ही चार्ज करें। अगर नकली या फिर हल्की गुणवत्ता वाले चार्जर से बाइक को चार्ज करेंगे तो इलेक्ट्रिक बाइक बीच. रास्ते पर साथ छोड़ सकती है। दरअसल, इलेक्ट्रिक बाइक के असली चार्जर एक खास तरह की सुरक्षा परत के साथ आते हैं, ऐसे में बाइक को शॉर्ट सर्किट या किसी भी खराबी से बचाया जा सकता है। इलेक्ट्रिक बाइक को किसी भी तरह के नुकसान से बचाने के लिए हमेशा सर्टिफाइड चार्जर से ही उसे चार्ज करें।
बरसात के दौरान अक्सर देखा गया है कि इलेक्ट्रिक बाइक के ब्रेक में नमी की मात्रा काफी अधिक बढ़ जाती है। ऐसे में समय-समय पर बाइक के ब्रेक को चेक करते रहें। अगर ब्रेक इस्तेमाल करने में किसी भी तरह की परेशानी आती है तो फौरन उसे ठीक करें। वहीं, मानसून के दौरान एक बार इलेक्ट्रिक बाइक के ब्रेक की सर्विसिंग करवानी चाहिए, ताकि किसी भी दिक्कत से बचा जा सकें।
मानसून के मौसम में इलेक्ट्रिक बाइक के टायरों की स्थिति सही अच्छी होनी चाहिए। अगर टायरों में किसी भी तरह की परेशानी हुई तो बाइक अपना संतुलन खो देगी या फिर बारिश के दौरान फिसलने की संभावना भी बन सकती है। बारिश के दौरान इलेक्ट्रिक बाइक के टायरों में फेंडर लगवाना चाहिए, इससे बाइक के साथ राइडर को भी सुरक्षा मिलती है।
इलेक्ट्रिक बाइक को बारिश के मौसम में हमेशा ढकी हुई जगह या कवर्ड पार्किंग में ही चार्ज करें। ऐसा करने से इलेक्ट्रिक बाइक को किसी भी खतरे से बचाया जा सकता है। इलेक्ट्रिक बाइक को ऐसी जगह पर चार्ज न करें, जहां पर बारिश का पानी गिर रहा हो, वरना बाइक में शॉर्ट सर्किट की परेशानी हो सकती है। ऐसे मामलों में कई बार बैटरी में आग भी लग सकती है, इसलिए बाइक की बैटरी को सुरक्षित स्थान पर ही चार्ज करें।