बढ़ते ट्रैफिक से निपटने के लिए ट्रायल के तौर पर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ट्रैफिक, अनिल कुमार यादव ने एक एडवाइजरी में कहा कि शुक्रवार से दिन के दौरान भारी वाहनों को एक्सप्रेसवे में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
हालांकि, आवश्यक वस्तुएं जैसे फल, सब्जियां, दूध, दवा और ईंधन आदि ले जाने वाले वाहनों को चलने की अनुमति होगी। ट्रैफिक पुलिस को रूट पर तैनात किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यादव ने कहा कि रास्ते में तीन जगहों पर अंडरपास और री-सरफेसिंग का काम चल रहा है, जिससे ट्रैफिक की समस्या बढ़ गई है, इसलिए यह व्यवस्था लागू की जाएगी।
अभी सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक एक्सप्रेस-वे से भारी वाहनों की आवाजाही होती है।
एडवाइजरी के मुताबिक भारी वाहनों को सर्विस लेन पर चलने की इजाजत होगी। इसके साथ ही, योजना को पूरी तरह से लागू करने से पहले व्यवस्था करने के लिए संबंधित अधिकारियों को 15 दिन का समय दिया जाएगा।
विभाग द्वारा कुछ रास्तों पर ई-रिक्शा पर रोक लगाने की योजना है, जो ये हैं:
● सेक्टर-1 गोलचक्कर से अट्टा मार्केट, सेक्टर-37 तक दोनों ओर
● एमपी वन रास्ते पर सेक्टर-3 रजनीगंधा से सेक्टर-12-22-56 तिराहे तक
● एलिवेटेड रोड पर सेक्टर-18 से 60 तक दोनों ओर
● एमपी टू रास्ते पर सेक्टर-18 अंडरपास से निठारी चौक तक एलिवेटेड रोड के नीचे दोनों ओर
● सेक्टर-14ए से महामाया फ्लाईओवर तक दोनों ओर
● नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर दोनों ओर के रास्ते पर
● सेक्टर-60 अंडरपास से सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन होते हुए सेक्टर-75-76 यू-टर्न तक दोनों ओर
● सेक्टर-62 मॉडल टाउन गोलचक्कर से सेक्टर-60 अंडरपास तक दोनों ओर
● छिजारसी एसजेएम अस्पताल तिराहे से मॉडल टाउन गोलचक्कर तक दोनों ओर
● एसजेएम अस्पताल छिजारसी से पर्थला गोलचक्कर तक दोनों ओर
● यथार्थ कट सेक्टर-110 से वाया महर्षि आश्रम चौक होते हुए लोटस ब्लू वर्ड तिराहा सेक्टर-100 तक दोनों ओर