हाल ही में ईवी में आग लगने की घटना के बाद देश की प्रमुख ईवी निर्माता कंपनी Okinawa Autotech (ओकिनावा ऑटोटेक) ने अपने सबसे ज्यादा बिकने वाले Praise Pro (प्रेज प्रो) इलेक्ट्रिक स्कूटर के 3,215 यूनिट्स को स्वैच्छिक रूप से वापस मंगाया है। भारतीय इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में किसी भी कंपनी द्वारा पहली बार स्वैच्छिक रिकॉल किया गया है। यह भारत में इलेक्ट्रिक वाहन निर्माताओं के लिए एक मिसाल कायम कर सकता है। यह देखते हुए कि हाल ही में ईवी में आग लगने की घटनाओं में Ola Electric (ओला इलेक्ट्रिक), Pure EV (प्योर ईवी) और Jitendra EV Tech (जितेंद्र ईवी टेक) के वाहन भी शामिल हैं।
कंपनी करेगी ये जांच
इस स्वैच्छिक रिकॉल कार्यक्रम के हिस्से के रूप में, ओकिनावा अपने सभी प्रेज प्रो स्कूटरों की जांच करेगी कि कहीं इनके कनेक्टर ढीले तो नहीं हैं। ईवी निर्माता कंपनी ने कहा कि यह जांच बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के देशभर में उनके डीलरशिप पर की जाएगी। कंपनी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, "यह स्वैच्छिक अभियान हाल में थर्मल घटना के मद्देनजर और ग्राहकों की सुरक्षा के लिए कंपनी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता के मुताबिक है।"
Okinawa i-Praise+ Electric Scooter
- फोटो : Okinawa Autotech (For Reference Only)
ग्राहकों की सुविधा के मुताबिक जांच
ओकिनावा ने कहा कि डीलर भागीदारों के साथ मिलकर काम कर रहा है। ईवी की जांच और मरम्मत का काम ग्राहकों की सुविधा के मुताबिक होगा। इसके लिए वाहन मालिकों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क किया जाएगा।
क्या अन्य कंपनियां भी चलेंगी इस राह पर?
इलेक्ट्रिक स्कूटर में आग के जोखिम की चिंता को दूर करने के लिए ओकिनावा द्वारा पहला कदम उठाने के साथ, यह देखा जाना बाकि है कि क्या अन्य इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता भी इसका पालन करते हैं और अपने उपभोक्ताओं में विश्वास की भावना पैदा करने के लिए अपने संबंधित ईवी को वापस मंगाते हैं या नहीं।
ओला इलेक्ट्रिक S1 Pro स्कूटर में लगी आग
- फोटो : For Reference Only
कई घटनाएं आईं सामने
पिछले एक पखवाड़े में इलेक्ट्रिक वाहनों में आग लगने की करीब आधा दर्जन घटनाएं हुई हैं। आग की इन घटनाओं ने इलेक्ट्रिक वाहनों के संभावित और मौजूदा यूजर्स के मन में आशंका पैदा की है। खास तौर से इलेक्ट्रिक स्कूटर के ग्राहकों के मन में ज्यादा सवाल होंगे क्योंकि ईवी सेगमेंट में इलेक्ट्रिक स्कूर काफी समय से भारत में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी क्रांति का नेतृत्व कर रहे हैं।
सरकार ने दिए जांच के आदेश
ओकिनावा का ईवी रिकॉल ऐसे समय में आया है जब सेंटर फॉर फायर एक्सप्लोसिव एंड एनवायरनमेंट एजेंसी (CFEEA) को उन परिस्थितियों की जांच करने के लिए कहा गया था जिनके कारण ईवी में आग की घटनाएं हुईं हैं। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने भी CFEEA से ऐसे उपाय सुझाने को कहा है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
कई अन्य समस्याएं आईं पेश
आग के जोखिम के अलावा, इलेक्ट्रिक स्कूटर मालिकों को हाल ही में कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इनमें खराब बिल्ड क्वालिटी, सॉफ्टवेयर की गड़बड़ियां, रेंज डिस्प्ले गायब होने के साथ सड़क पर वाहनों के रुक जाने जैसी कई समस्याएं शामिल हैं।