अक्सर कार या फिर दो पहिया वाहन लेकर सड़क पर निकलते हैं, अगर हां तो आपको इस खबर को जरूर पढ़ना चाहिए। दरअसल, काफी वाहन चालकों को सही रोड सेंस की जानकारी नहीं है, ऐसे में जानिए किन नियमों का पालन करना जरूरी है।
सड़क पर वाहन चलाते वक्त चालकों को यातायात नियमों के अलावा कई बातों का ध्यान रखना होता है। साथ ही अपनी नजर हमेशा सड़क पर रखनी होती है, नहीं तो जरा सी नजर हटी और दुर्घटना घट जाती है। देश में हर साल सैकड़ों लोगों की मौत सड़क हादसे में हो जाती है, मगर इसके बाद भी काफी लोग सड़क नियमों का पालन सही से नहीं करते हैं। कार ट्रैफिक सिग्नल पर रुकती है और पीछे से आवाज आती है कि चला भाई, सिग्नल ग्रीन हो गया। सड़क पर वाहन चलाते वक्त जल्दबाजी करना बेहद ही खतरनाक साबित हो सकता है। आगे जानिए क्या आपको रोड सेंस है, अगर नहीं है तो इस खबर से अहम जानकारी हासिल करें।
विज्ञापन
इन बातों का रखें ध्यान
सड़क पर हमेशा अपने वाहन को लेन में चलाएं। देश में काफी वाहन चालक अभी भी लेन ड्राइविंग के नियम को फॉलो नहीं करते हैं।
अगर एक ही रोड पर दोनों तरफ का ट्रैफिक चल रहा है तो सामने से आने वाले वाहनों को निकलने की पर्याप्त जगह दें। वाहन को सड़क के बीचों-बीच न चलाएं, ताकि हादसा न हो।
अगर आगे जाकर कोई टर्न लेना है तो पीछे से आने वाले वाहनों को सही समय पर टर्न होने का इंडीकेटर दें, ताकि उन्हें इसकी जानकारी हो और किसी भी तरह की टक्कर से बच सकें।
इन नियमों का करें पालन
सड़क पर कार चलाने के दौरान रोड पर दिए गए सभी संकेतों और निर्देशों का सही से पालन करें।
ट्रैफिक सिग्नल या फिर ट्रैफिक धीमा होने पर गैर-जरूरी हॉर्न बजाने से बचना चाहिए। इससे ध्वनि प्रदूषण होता है और आसपास के वाहन चालकों का ध्यान भी भटकता है।
अगर आप सड़क पर दो पहिया वाहन चला रहे हैं तो अपनी सेफ्टी के लिए हेलमेट का इस्तेमाल करें। साथ ही पीछे बैठने वाले शख्स को भी हेलमेट पहनाएं, ताकि हादसों से सुरक्षित रह सके।
सड़क पर कार या दो पहिया वाहन चला रहे हैं तो कभी भी बस, ट्रक और ट्रोली के पीछे-पीछे वाहन न चलाएं। ऐसे बड़े वाहनों से थोड़ी दूर बनाकर रखें।
अपने वाहन को सड़क पर बनाए गए जेब्रा क्रासिंग से पीछे रखें, यह पैदल चलने वाले लोगों के लिए बनाया जाता है, ताकि वो आसानी से रास्ता पार कर सकें।
वाहन को कभी भी किसी सड़क किनारे पार्क न करें। इससे ट्रैफिक जाम लग सकता है और वाहन को भी नुकसान हो सकता है। इसके बजाय वाहन को हमेशा किसी अधिकृत पार्किंग में खड़ा करें।