Traffic Jam at Ghazipur Border, New Delhi on Delhi-Meerut Expressway
- फोटो : PTI
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शहर के नेशनल हाईवे (राष्ट्रीय राजमार्ग) खंडों पर ट्रैफिक जाम कम करने के लिए रणनीतियों पर चर्चा करने के लिए हाल ही में, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) (एनएचएआई) के साथ एक बैठक की।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार को हुई बैठक में स्पेशल कमिश्नर अजय चौधरी और एनएचएआई अध्यक्ष संतोष कुमार यादव ने ट्रैफिक फ्लो में सुधार के लिए सड़क चौड़ा करना, बस स्टॉप को स्थानांतरित (रीलोकेट) करना और स्पीड कैमरा और साइनबोर्ड लगाने सहित विभिन्न उपायों का पता लगाया।
ट्रैफिक पुलिस ने कालिंदी कुंज पर सड़क चौड़ा करने और मुकरबा चौक पर बस स्टॉप को संजय गांधी परिवहन नगर स्थानांतरित करने का प्रस्ताव दिया है, ताकि भीड़भाड़ कम हो सके। उन्होंने कल्याणपुरी सर्कल पर NH-24 पर स्पीड कैमरा लगाने और गाजीपुर टोल प्लाजा पर सावधानी बरतने वाले साइनबोर्ड लगाने पर भी चर्चा की।
अजय चौधरी ने NH-48 पर सुचारू यातायात आवागमन सुनिश्चित करने के लिए ट्रैफिक मार्शल तैनात करने और उचित साइनेज लगाने का भी सुझाव दिया। अतिरिक्त सिफारिशों में मुकरबा चौक के पास NH-44 पर रंबल स्ट्रिप्स और आयरन ग्रिल्स लगाना, मीठापुर चौक पर साइनबोर्ड लगाना और बदरपुर फ्लाईओवर पर आयरन ग्रिल्स लगाना शामिल है।
ट्रैफिक पुलिस ने एनएचएआई से उन जगहों की डिटेल्स देने का अनुरोध किया जहां चल रहे निर्माण से ट्रैफिक में देरी हो रही है। ताकि वैकल्पिक रणनीतियां तैयार की जा सकें। उन्होंने महिपालपुर फ्लाईओवर पर रंगपुरी ट्रैफिक लाइट्स के पास एक सबवे बनाने और द्वारका रोड पर इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल 3 से NH-48 तक एक भूमिगत सुरंग बनाने का भी अनुरोध किया।
रिपोर्ट के मुताबिक स्पेशल कमिश्नर ने कहा, "दिल्ली में कई खंड ऐसे हैं जो राष्ट्रीय राजमार्गों का उपयोग करने वाले वाहनों से प्रभावित होते हैं। शहर भर में यातायात के सुचारू प्रवाह को सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और एनएचएआई के बीच उचित संचार और समन्वय होना चाहिए।"
चौधरी ने कहा, "दिल्ली परिवहन निगम, केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय और NHAI जैसी एजेंसियों सहित विभिन्न हितधारकों का संयुक्त प्रयास और सहयोग दिल्ली में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और ट्रैफिक जाम को कम करने में अहम भूमिका निभाएगा।"
एनएचएआई अध्यक्ष संतोष कुमार यादव ने ट्रैफिक पुलिस के प्रस्तावों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और सुझावों पर शीघ्र प्रतिक्रिया का आश्वासन दिया। यह बैठक समन्वित प्रयासों और रणनीतिक नियोजन के जरिए शहर की लगातार ट्रैफिक समस्याओं से निपटने की दिशा में एक कदम है।