आज की कारें ढेर सारी फीचर्स से लैस आती हैं, जिनमें से कई बहुत ही हाई-टेक (उच्च तकनीक) सॉफ्टवेयर पर आधारित होती हैं। जबकि इनका मुख्य मकसद आपकी ड्राइव को ज्यादा आरामदायक और सुविधाजनक बनाना है। लेकिन इस बात की आशंका बढ़ रही है कि कार निर्माता मालिकों के व्यक्तिगत डेटा को इकट्ठा कर रहे हैं। और फिर थर्ड पार्टी के विक्रेताओं को बेच रहे हैं। हाल ही में दो अमेरिकी सीनेटरों ने इस शंका को जताया था, जिन्होंने होंडा और ह्यूंदै पर आरोप लगाया था।
सीनेटरों रॉन वेडेन और एडवर्ड मार्की ने संघीय व्यापार आयोग (FTC) को चिट्ठी लिखकर कार निर्माताओं द्वारा डेटा दलालों को अमेरिकियों के ड्राइविंग डेटा का खुलासा करने की जांच करने का अनुरोध किया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस चिट्ठी में न्यूयॉर्क टाइम्स द्वारा प्रकाशित खोजी रिपोर्टों की ओर इशारा किया गया है जो इस मुद्दे को उजागर करते हैं।
पत्र में आगे विस्तार से बताया गया है कि 'सीनेटर वेडेन के कार्यालय ने तीन ऑटो निर्माताओं - जीएम, होंडा और ह्यूंदै - पर अनुवर्ती निगरानी की, जिन्होंने डेटा ब्रोकर वेरिसक एनालिटिक्स के साथ डेटा साझा किया।' यह जिक्र किया गया है कि इन कंपनियों ने 'वेरिसक को ड्राइवरों के डेटा का खुलासा किया, जैसे कि एक्सीलरेशन और ब्रेकिंग डेटा।'
आपका डेटा कैसे साझा किया जा रहा है
दो सीनेटरों द्वारा एफटीसी को लिखी गई चिट्ठी के मुताबिक, वेरिसक ड्राइवरों के लिए एक क्रेडिट एजेंसी के रूप में काम करता है। यह बताया गया है कि वेरिसक के एक विशेष उत्पाद ने इंटर-कनेक्टेड कारों से डेटा का इस्तेमाल करके ड्राइवरों को उनके ड्राइविंग आदतों पर स्कोर दिया। ऐसा कहा जाता है कि कार निर्माताओं ने वेरिसक के साथ ड्राइवर का डेटा साझा किया। जिसने इसका इस्तेमाल अपनी ड्राइविंग बिहेवियर डेटा हिस्ट्री रिपोर्ट तैयार करने के लिए किया। जिसे बाद में ऑटो बीमा कंपनियों को बेच दिया गया। न्यूयॉर्क टाइम्स द्वारा इस मामले पर रिपोर्टिंग के बाद, इस विशेष उत्पाद को इस साल अप्रैल में बंद कर दिया गया था।
लेकिन ध्यान कार कंपनियों पर है। उदाहरण के लिए कहा गया है कि होंडा ने 2020 से चार वर्षों में 97,000 कारों का डेटा वेरिसक के साथ साझा किया। कंपनी के आधिकारिक मोबाइल एप्लिकेशन पर होंडा ड्राइवर फीडबैक प्रोग्राम में साइन अप करने वालों का डेटा इस्तेमाल किया गया।
चिट्ठी में कहा गया है कि ह्यूंदै के मामले में कंपनी ने 2018 से उन कारों से डेटा साझा करना शुरू किया जिनके मालिकों ने इन-कार इंटरनेट कनेक्टिविटी चालू की थी। चौंकाने वाली बात यह है कि सीनेटरों ने पत्र में कहा है कि इन मालिकों को कंपनी द्वारा इसकी सूचना तक नहीं दी गई थी।
हालांकि होंडा ने कथित तौर पर कहा है कि सिर्फ उन ग्राहकों का डेटा साझा किया गया है जिन्होंने ड्राइवर फीडबैक प्रोग्राम का हिस्सा बनना चुना था। और ये ग्राहक जानते थे कि उन्हें ड्राइविंग स्कोर मिलेगा। लेकिन ह्यूंदै यूएस की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।