कोल इंडिया ने मंगलवार को अपने गैर-कार्यकारी काडर कर्मचारियों को 2020-21 के लिए 72,500 रुपये प्रदर्शन आधारित बोनस (पीएलआर) देने की घोषणा की है। इसका भुगतान 11 अक्तूबर, 2021 या इससे पहले हो जाएगा। खनन मंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा कि इस साल पीएलआर को 68,000 से बढ़ाकर 72,500 रुपये किया गया है।
महिंद्रा लॉजिस्टिक्स त्योहारी सीजन की मांग को पूरा करने के लिए 14,000 से अधिक अस्थायी कर्मचारियों की भर्ती करेगी। कंपनी ने मंगलवार को कहा कि वह त्योहारी सीजन में 11 लाख वर्ग फुट क्षेत्र के साथ आठ प्रमुख शहरों में पॉप-अप सुविधाओं जैसे समाधान जोड़ रही है। इससे समय पर डिलीवरी मिल सकेगी।
चीनी मिलों का निर्यात 30 सितंबर को समाप्त विपणन वर्ष 2020-21 में बढ़कर रिकॉर्ड 72.3 लाख टन पहुंच गया। सबसे ज्यादा निर्यात इंडोनेशिया को हुआ है। आलोच्य अवधि में 60 लाख टन चीनी का निर्यात सरकारी सब्सिडी के साथ हुआ है, जबकि 7.85 लाख टन का निर्यात बिना सब्सिडी किया गया है। वहीं, इंडियन शुगर एक्जिम कॉरपोरेशन के एमडी-सीईओ अधीर झा ने कहा, 2020-21 के मुकाबले 2021-22 में निर्यात घटकर 50-60 लाख टन रह सकता है।