अमेरिका में बाल्टिमोर में हाल ही में हुए एक जहाज के पुल से टकराने और उसके बाद पुल के गिरने की घटना का कई सेक्टर पर भारी असर पड़ा है। अब कार बनाने वाली दिग्गज कंपनियों जैसे फोर्ड और जीएम पर भी इसका दबाव पड़ रहा है। क्योंकि इन कंपनियों को अब अपने सामानों को दूसरे बंदरगाहों पर भेजने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
2.57 किलोमीटर लंबा फ्रांसिस स्कॉट की ब्रिज मंगलवार को तब धराशायी हो गया जब एक 10,000 कंटेनरों की क्षमता वाला 290 मीटर लंबा मालवाहक जहाज उससे टकरा गया। पुल पर कई गाड़ियां भी पटाप्सको नदी में गिर गईं और कई लोगों के अभी भी लापता होने की खबर है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बाल्टिमोर का बंदरगाह कार शिपमेंट के लिए अमेरिका का सबसे व्यस्त बंदरगाह है। और 2023 में यहां सेे कम से कम 7.5 लाख वाहनों को भेजा गया था। बंदरगाह को अब अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। क्योंकि यहां बचाव कार्यों और जांच को शुरू किया गया है। जिससे कार निर्माताओं को विकल्पों पर काम करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
जीएम द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान में, कंपनी ने बताया कि वह कार शिपमेंट को अन्य बंदरगाहों पर भेजने पर काम कर रही है। साथ ही यह भी कहा कि उसके कामकाज पर बहुत मामूली असर होने की संभावना है। फोर्ड के मुख्य वित्तीय अधिकारी जॉन लॉ़र ने मीडिया को बताया कि उन्हें उम्मीद है कि पुल के गिरने से लॉजिस्टिक (रसद) पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। उन्होंने कहा, "इसका प्रभाव पड़ेगा। हमें सामानों को अन्य बंदरगाहों पर भेजना होगा। इससे सप्लाई चेन शायद थोड़ी लंबी हो जाएगी।"
बाल्टिमोर बंदरगाह के विकल्प मौजूद हैं। इसकी सबसे ज्यादा संभावना है कि न्यूयॉर्क में बंदरगाह कंटेनर जहाजों को समायोजित कर सकेंगे। जो अन्यथा बाल्टिमोर बंदरगाह पर पहुंचते या गुजरते थे। फिलहाल सवाल यह "कहां" का नहीं बल्कि "कब तक" का है।
अमेरिका के विभिन्न मीडिया आउटलेट्स ने बताया है कि देश के भीतर ऑटोमोबाइल से जुड़े लोगों ने दुर्घटना के पैमाने का अंदाजा लगाने की कोशिश शुरू कर दी है। और यह पता लगाने के लिए संघीय अधिकारियों से संपर्क करना शुरू कर दिया है कि बंदरगाह पर सामान्य संचालन कब तक फिर से शुरू होने की उम्मीद है।
टोयोटा ने एक बयान में कहा, "हालांकि बाल्टिमोर हमारे उत्तरी अमेरिकी कार्यों के लिए प्राथमिक बंदरगाह नहीं है, फिर भी इसका कुछ असर पड़ेगा, खासकर वाहन निर्यात पर।" "फिलहाल, हम किसी बड़े व्यवधान की उम्मीद नहीं करते हैं, लेकिन हम दीर्घकालिक प्रभाव और जवाबी उपायों को निर्धारित करने के लिए स्थिति का बारीकी से मूल्यांकन कर रहे हैं।"