कार कंपनियों की बात करें तो मारुति सुजुकी का डंका देश में बजता है। कंपनी ऐसी गाड़ियां लाती है जो ग्राहकों की पहली पसंद बन जाती हैं। पिछले 10 साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे ज्यादा बिकने वाली पांच गाड़ियों में से चार अकेले मारुति सुजुकी की है। इस लिस्ट में मारुति सुजुकी ऑल्टो पहले नंबर पर है। गाड़ीवाड़ी की रिपोर्ट के मुताबिक, ऑल्टो 10 सालों में देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार है। पिछले साल ही ऑल्टो ने 40 लाख यूनिट्स का आंकड़ा पार कर लिया था।
ऑल्टो का मार्केट शेयर सबसे ज्यादा
रिपोर्ट के मुताबिक, 10 साल में ऑल्टो का मार्केट शेयर 19.66 फीसदी रहा, जो सबसे ज्यादा है। दूसरे पायदान पर रही मारुती सुजुकी डिजायर, जिसका मार्केट शेयर 14.93 फीसदी है। तीसरे और चौथे पायदान पर मारुती सुजुकी स्विफ्ट और वैगन आर हैं, जिनका मार्केट शेयर क्रमश: 14.31 फीसदी और 12.22 फीसदी रहा है। पांचवें नंबर पर हुंडई आई-20 हैचबैक रही है, जिसका कुल मार्केट शेयर 12.22 फीसदी है।
मारुति सुजुकी ऑल्टो एक सस्ती हैचबैक कार है जिसकी कीमत 3.15 लाख रुपये से शुरू होकर 4.82 लाख रुपये तक है। यह पेट्रोल इंजन के अलावा सीएनजी में भी आती है। पेट्रोल में यह 22.05 किमी प्रति घंटे और सीएनजी के साथ 31.59 किमी प्रति घंटा तक का माइलेज देती है।
फीचर्स हैं कमाल के
फीचर्स की बात करें तो इसमें 7 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, एंड्रॉइड ऑटो और एप्पल कारप्ले का सपोर्ट दिया गया है। कार में कीलेस एंट्री और फ्रंट पावर विंडोज भी होता है। सेफ्टी के लिए ड्राइवर साइड एयरबैग, रियर पार्किंग सेंसर्स मिलता है। इसका सीधा मुकाबला रेनॉल्ट क्विड और डैटसुन रेडी से रहता है। कंपनी जल्द ही इसका न्यू-जेनरेशन मॉडल लॉन्च करने जा रही है।