Ziptron टेक्नोलॉजी से लैस टाटा की कारें एक हाई वोल्टेज 300+ वोल्ट स्थायी मैग्नेट इलेक्ट्रिक मोटर के साथ आती हैं। कंपनी का दावा है कि यह मौजूदा Tigor EV में मिलने वाले 72V AC इंडक्शन-टाइप मोटर से कहीं ज्यादा पावरफुल है। टीजर वीडियो इशारा करता है कि Ziptron टेक्नोलॉजी के साथ Tigor EV पहले की तुलना में बेहतर परफॉर्मेंस देगी।
टाटा मोटर्स ने पहले दावा किया था कि जिपट्रॉन वाहन एक बार फुल चार्ज करने पर कम से कम 250 किमी की दूरी तक चलने में सक्षम हैं। नई Tigor EV में भी ऐसी ही रेंज मिलने की उम्मीद है।
वाहन निर्माता ने कुछ साल पहले सरकारी अधिकारियों और फ्लीट ऑपरेटरों के लिए यह इलेक्ट्रिक सब-कॉम्पैक्ट सेडान पेश की थी। इसे 2019 में निजी खरीदारों के लिए उपलब्ध कराया गया था। हालांकि, व्यक्तिगत खरीदार सेगमेंट में कार को कई खरीदार नहीं मिले। जिसके पीछे सीमित रेंज और परफॉर्मेंस मुख्य कारण थे। जिपट्रॉन टेक्नोलॉजी वाली टिगोर ईवी इन चिंताओं को दूर करेगी।
डिजाइन के मामले में भी नई टाटा टिगोर ईवी में कुछ बदलाव किए गए हैं। टीजर वीडियो से पता चलता है कि इसमें प्रोजेक्टर हेडलैम्प्स, बंपर इंटीग्रेटेड एलईडी डे-टाइम रनिंग लाइट्स हैं। अलॉय व्हील्स पर नीले रंग के एक्सेंट मिलेंगे जो कार के जीरो-एमिशन कैरेक्टर के बारे में बताते हैं। इसके अलावा, उम्मीद है कि यह कलर ऑप्शन के एक विस्तृत रेंज में उपलब्ध होगा। यह फास्ट-चार्जिंग टेक्नोलॉजी के साथ भी आ सकता है। ये अपडेट कार को फ्लीट मॉडल की तुलना में खास बना देंगे।
नई टाटा टिगोर ईवी टाटा नेक्सन ईवी से साइज में छोटी है, इसलिए इसके नेक्सन ईवी की तुलना में सस्ती होने की उम्मीद है। इससे वाहन निर्माता को भारतीय इलेक्ट्रिक यात्री वाहन बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने में मदद मिलेगी।