पेट्रोल-डीजल जैसे पारंपरिक ईंधन की आसामान छूती कीमतों को देखते हुए देश में कई स्टार्टअप अपने इलेक्ट्रिक वाहन उतार रहे हैं। भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों को तेजी से अपनाने के लिए सरकार कई तरह की रियायतें दे रही हैं। इसके साथ ही वाहन निर्माता भी उत्साह दिखा रहे हैं। भारतीय वाहन बाजार में इलेक्ट्रिक व्हीकल्स की मांग में भी तेजी देखी जा रही है। ईवी के बढ़ते बाजार और ग्राहकों की बदलती पसंद को देखते हुए कई वाहन निर्मता कंपनियों ने बाजार में अपने इलेक्ट्रिक मॉडल उतार दिए हैं। इसके साथ ही नई कंपनियां भी इस क्षेत्र में अपने हाथ आजमा रही हैं। नए स्टार्टअप बिल्कुल नए उत्पादों के साथ पहले से ज्यादा सक्रिय हैं। इसी कड़ी में हैदराबाद की इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर निर्माता कंपनी Pure EV (प्योर ईवी) ने दिल्ली में अपना पहला फ्लैगशिप स्टोर eBOX Motors खोला है। यह राजधानी में कंपनी का पहला स्टोर है। बता दें, आईआईटी हैदराबाद के परिसर से आई कंपनी लिथियम-आयन बैटरी भी बनाती है।
फीचर्स
Pure EV Electric Scooter
- फोटो : Pure EV
इस समय कंपनी के उत्पाद पोर्टफोलियो में चार इलेक्ट्रिक व्हीकल शामिल हैं। जिनमें दो लो-स्पीड मॉडल EPluto और ETrance+ मौजूद है, जबकि दो हाई-स्पीड मॉडल EPluto 7G और Etrance Neo भी शामिल हैं। प्योर ईवी के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स मॉडल में पोर्टेबल चार्जर के साथ मेटल केसिंग में पोर्टेबल लिथियम-आयन बैटरी दी गई है। कंपनी के मुताबिक प्योर ईवी के इलेक्ट्रिक वाहनों को कहीं भी चार्ज किया जा सकता है क्योंकि इसके लिए सिर्फ पांच-एम्पीयर इलेक्ट्रिक सॉकेट की जरूरत होती है। इसके साथ ही सभी मॉडलों में एरोडायनामिक बॉडी, मल्टी-रिफ्लेक्टर हेडलैंप, 4-इंच एलसीडी स्क्रीन, राउंडेड मिरर्स और फैट रबर टायर्स में 10-इंच के अलॉय व्हील्स दिए गए हैं। इन मॉडल्स को 6 रंगों में पेश किया गया है। जिसमें सफेद, लाल, नीला, काला, ग्रे और सिल्वर जैसे रंग शामिल हैं।
120 किमी की ड्राइविंग रेंज
प्योर ईवी के सेल्स एंड डिस्ट्रीब्यूशन असिस्टेंट जनरल मैनेजर राज श्रीवास्तव का कहना है कि "इन मॉडलों को शहरी आवागमन को ध्यान में रखकर बनाया गया है इसलिए टॉप स्पीड 60 किमी प्रति घंटे रखी गई है। वहीं इन स्कूटर की ड्राइविंग रेंज 120 किलोमीटर तय की गई है।" गौरतलब है कि, प्योर ईवी कंपनी भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों और लिथियम बैटरी की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए 2022 तक एक नया प्लांट खोलने का लक्ष्य लेकर चल रही है। इसके साथ ही कंपनी देशभर में अपने स्टोर खोलने की योजना बना रही है।
रिसर्च सेट-अप
प्योर ईवी में एक इन-हाउस बैटरी निर्माण और एक रिसर्च सेट-अप सुविधा है जहां विभिन्न टीमें लंबी दूरी और उच्च-प्रदर्शन लिथियम बैटरी हासिल करने के लिए बैटरी थर्मल मैनेजमेंट सिस्टम और पावरट्रेन के मुख्य क्षेत्रों पर काम करती हैं।