नई एस्टर को दो इंजन ऑप्शन के साथ उतारा जा सकता है। इसमें 1.3 लीटर का टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन और 1.5 लीटर का नैचुरली एस्पीरेटेड पेट्रोल इंजन मिलेगा। इसका 1.3 लीटर इंजन इस सेगमेंट में सबसे दमदार 1630 एचपी की पावर और 230 एनएम के टॉर्क साथ आएगा। जबकि 1.5 लीटर एनए इंजन 120 एचपी की पावर और 150 एनएम के टॉर्क के साथ आएगा। 1.3 लीटर इंजन के साथ ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन और 1.5 लीटर के साथ मैनुअल और सीवीटी गियरबॉक्स का विकल्प मिलेगा।
1.3 लीटर वैरिएंट वाली एस्टर को शॉर्प और सैवी ट्रिम्स, जबकि 1.5 लीटर वैरिएंट को सुपर और शॉर्प ट्रिम के साथ उतारा जाएगा। एस्टर में JioSaavn एप को म्यूजिक और वीडियो स्ट्रीम के लिए कार के इंफोटेनमेंट सिस्टम में इंस्टॉल किया गया है। इसमें i-Smart नेक्स्ट जेन 10.1 इंच डिस्प्ले स्क्रीन मिलेगी, जो ऑनर के मोबाइल से कनेक्ट रहेगी। एस्टर में लेवल 2 ADAS के अलावा अडप्टिव क्रूज कंट्रोल, फॉर्वर्ड कोलिजन वार्निंग, ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग, लेन कीप असिस्ट, लेन डिपार्चर प्रीवेंशन और स्पीड असिस्ट जैसे फीचर मिलेंगे। फिलहाल ये फीचर MG Gloster और Mahindra XUV700 में ही आ रहे हैं। नई एस्टर की कीमतों के बारे में कंपनी की तरफ से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन माना जा रहा है कि इसके दाम 10 से 16 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच होंगे।