मारुति ने ऑटो एक्सपो 2016 के दौरान 8 मार्च को अपनी पहली कॉम्पैक्ट एसयूवी विटारा ब्रेजा को लॉन्च किया था। लॉन्चिंग के बाद से विटारा ब्रेजा ने बाजार में धमाल मचा रखा है। कभी इस सेगमेंट में केवल फोर्ड इकोस्पोर्ट की पैठ थी, जिसे मारुति की विटारा ब्रेजा ने कम कर दिया है।
मार्च 2016 से जनवरी 2017 के बीच मारुति ने ब्रेजा के 94,100 यूनिट बेचें हैं। अगर एवरेज सेल की बात करें तो प्रति माह कार के लगभग 8,554 यूनिट की बिक्री हुई है। मारुति ने फरवरी 2017 में 10,046 ब्रेजा की सेल की है। इससे साफ नजर आता है कि मारुति ने एक साल में ब्रेजा की एक लाख यूनिट बेचने का टार्गेट प्राप्त कर लिया है। ब्रेजा ने किसी समय तेजी से बिकने वाली ह्युंडई क्रेटा की बराबरी कर ली है।
मारुति की विटारा ब्रेजा 6 वेरिएंट में उपलब्ध है। अभी मारुति की इस कार पर लगभग पांच महीनों की वेटिंग चल रही है। ब्रेजा लोगों को कई मायनों में पसंद आ रही है। विटारा ब्रेजा 7.26 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर लोगों को एक अच्छा सौदा लग रही है। मारुति की इस कार का टॉप वेरिएंट ब्रेजा जेडडीआई प्लस 9.70 लाख रुपये का आता है।