Mahindra and Mahindra (महिंद्रा एंड महिंद्रा) ने महाराष्ट्र में अपनी नई ट्रैक्टर सीरीज 'सरपंच प्लस' उतारी है। कंपनी के '575 सरपंच प्लस' मॉडल के ट्रैक्टर की राज्य में शोरूम कीमत 6.60 लाख रुपये है।
कंपनी ने एक बयान में कहा '575 सरपंच प्लस' उसके पहले से मौजूद '575 सरपंच' ट्रैक्टर का एडवांसड वर्जन है। इस श्रेणी के तहत 30 hp से लेकर 50 hp तक के मॉडल पेश किए गए हैं। कंपनी नई श्रेणी के ट्रैक्टरों पर छह साल की वारंटी दे रही है। ग्राहक 5,000 रुपये देकर इसकी ऑनलाइन बुकिंग भी कर सकते हैं।
कंपनी के अध्यक्ष (कृषि उपकरण) हेमंत सिक्का ने कहा, "नई श्रृंखला को आधुनिक किसानों की बदलती मांगों के अनुरूप विकसित किया गया है। ये उन्हें ज्यादा शक्ति प्रदान करते हैं।" इनका विनिर्माण कंपनी देशभर के संयंत्रों में करेगी।
लॉकडाउन के मद्देनजर अप्रैल के महीने में ऑटोमोबाइल सेक्टर में जीरो बिक्री के बाद मई के महीने में ऑटो सेल्स कुछ बढ़ी लेकिन ये आंकड़ा उत्साहजनक नहीं है। लेकिन इसके बावजूद ट्रैक्टर की बिक्री के आंकड़े काफी अच्छे थे। महिंद्रा के ट्रैक्टर बिक्री के आंकड़ों से महिंद्रा का उत्साह बढ़ा है।
महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के फार्म इक्विपमेंट डिवीजन में बिक्री मई में काफी अच्छे रहे। इससे यह पता चलता है कि शायद भारत के कृषि क्षेत्र को संक्रमण के कारण लागू होने वाले लॉकडाउन में छूट का लाभ मिला होगा। कंपनी ने पिछले महीने 24,017 ट्रैक्टर की बिक्री की। यह एक साल पहले की अवधि में बेची गई 23,539 यूनिट्स की तुलना में 2 फीसदी ज्यादा है। इसके निर्यात का आंकड़ा काफी कमी आई है और 72 फीसदी की गिरावट के साथ यह सिर्फ 324 यूनिट पर जा पहुंचा।
'कृषि को समय पर मिली ढील से फायदा'
महिंद्रा एंड महिंद्रा के कृषि उपकरण क्षेत्र के अध्यक्ष हेमंत सिक्का ने एक बयान में कहा, "कृषि क्षेत्र के लिए लॉकडाउन में समय पर दी गई छूट की वजह से मई के दौरान ट्रैक्टर की मांग में तेजी से सुधार सुनिश्चित हो सका।" उन्होंने कहा कि किसान अच्छी रबी फसल के उत्पादन, उच्च खरीद, अच्छी कीमत मिलने और एक सामान्य मानसून के पूर्वानुमान के कारण किसान की धारणा सकारात्मक बनी हुई है जो एक अच्छी खरीफ फसल के लिए बढ़िया है। उन्होंने कहा, "ट्रैक्टर की मांग बढ़ाने के लिए ये सभी अच्छे हैं।"