Honda N7X 7-seater SUV concept revealed : जापान की दिग्गज ऑटोमोबाइल कंपनी Honda (होंडा) ने अपनी नई 7-सीटर एसयूवी कॉन्सेप्ट को पेश किया है। इसका नाम है Honda N7X कॉन्सेप्ट एसयूवी। होंडा की नई 7-सीटर कॉन्सेप्ट एसयूवी खासतौर पर दक्षिण एशियाई बाजारों के लिए बनाई गई है। होंडा ने इंडोनेशिया के जकार्ता में आयोजित एक वर्चुअल प्रोग्राम में इसे पेश किया है।
लुक और डिजाइन
Honda N7X कॉन्सेप्ट एसयूवी की डिजाइन होंडा सिटी सेडान और होंडा HR-V एसयूवी जैसी कारों से प्रेरित लगती है। कार का फ्रंट काफी बोल्ड लुक वाला है। इसमें स्वेप्टबैक एलईडी हेडलैंप्स के साथ इंटीग्रेटेड एलईडी डे टाइम रनिंग लाइट्स दी गई हैं। फ्रंट बंपर में दोनों तरफ एलईडी डे टाइम रनिंग लाइट्स स्ट्रिप्स भी दी गई हैं।
Honda BR-V को कर सकती है रिप्लेस
रिपोर्ट के मुताबिक ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि Honda N7X कॉन्सेप्ट एसयूवी Honda BR-V को रिप्लेस कर सकती है। कंपनी Honda BR-V को भारत सहित कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बेचती है। गौरतलब है कि N7X को न्यू जेनरेशन होंडा सिटी सेडान वाले प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। ऐसे में कहा जा रहा है कि इसमें सिटी सेडान के इंजन का इस्तेमाल किया जा सकता है।
इंजन
होंडा ने इस एसयूवी में इस्तेमाल किए गए इंजन और टेक्नोलॉजी के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की है। हालांकि, रिपोर्टों के अनुसार, इस एसयूवी में 1.5-लीटर इंजन और ऑनली फ्रंट-व्हील ड्राइव मिल सकता है।
होंडा प्रॉस्पेक्ट मोटर के बिजनेस इनोवेशन सेल्स एंड मार्केटिंग डायरेक्टर यूसक बिली ने कहा कि "इस समय इस कॉन्सेप्ट कार ने किसी खास मॉडल का उल्लेख नहीं करती है। इसे फिलहाल Mobilio या BR-V से जोड़ा नहीं जा सकता है। यह सिर्फ एक वर्ल्ड प्रीमियर कान्सेप्ट कार है।"
एक्सटीरियर
इस एसयूवी में एक धीमी ढलान वाली रूफलाइन और एक प्रमुख शॉल्डर लाइन मिलती है, जो न्यू जेनरेशन होंडी सिटी की याद दिलाती है। एसयूवी के पीछे की तरफ, इसमें यू-आकार की ब्रेक लाइट के साथ स्लीक रैपराउंड एलईडी टेल लैंप दिया गया है। कार के इंटीरियर की फिलहाल कोई तस्वीर सामने नहीं आई है। लेकिन होंडा के मुताबिक इसमें आराम का भरपूर ख्याल रखा गया है और इसमें काफी स्पेस मिलेगा।
GIIAS 2021 कार्यक्रम अगस्त में आयोजित किया जाना है। होंडा इस कार्यक्रम में N7X के प्रोडक्शन वर्जन को लॉन्च करेगी, जिसका बड़े पैमाने पर उत्पादन किया जाएगा।