Hero First Electric Scooter in India Officially Teased : पेट्रोल की बेतहाशा बढ़ती कीमत के बीच भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की मांग बढ़ रही है। ऐसे में बड़े वाहन निर्माता कंपनियों के साथ ही स्टार्टअप भी अपने ईवी मॉडल पेश कर रहे हैं। ऐसा लगता है कि Hero MotoCorp (हीरो मोटोकॉर्प) पूरी तरह से इलेक्ट्रिक वाहन सेगमेंट में आने में काफी देर कर चुकी है। क्योंकि ईवी क्षेत्र में बजाज ऑटो और टीवीएस जैसे दोपहिया वाहन निर्माता काफी पहले अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च कर चुके हैं, जो काफी लोकप्रिय भी हो रही हैं। लेकिन अब हीरो मोटोकॉर्प भी पीछे नहीं रहने वाली।
हीरो मोटोकॉर्प ने अपने आनेवाले इलेक्ट्रिक स्कूटर की पहली झलक दिखाई है। दुनिया की सबसे बड़ी दोपहिया निर्माता, जिसने सोमवार को अपनी 10वीं वर्षगांठ मनाई, जल्द ही भारतीय बाजार के लिए अपना पहला इलेक्ट्रिक मॉडल लाने के लिए तैयार है। हीरो मोटोकॉर्प के चेयरमैन पवन मुंजाल को कंपनी के 10 साल के जश्न के लाइवस्ट्रीम इवेंट के दौरान नए इलेक्ट्रिक स्कूटर के बगल में खड़ा देखा गया।
टीजर में दिख रहे वर्जन में इलेक्ट्रिक स्कूटर का डिजाइन काफी स्लीक नजर आ रहा है। इसमें सफेद और काले रंग, फ्लाईस्क्रीन, और एक लंबी सीट के संयोजन के साथ एक घुमावदार बॉडी डिजाइन मिलता है जो आसानी से दो लोगों को बैठाने के लिए पर्याप्त बड़ा दिखाई देता है। इलेक्ट्रिक स्कूटर में आगे की तरफ 12 इंच का पहिया और पीछे की तरफ 10 इंच का पहिया भी मिलता है।
हीरो मोटोकॉर्प या पवन मुंजाल ने आगामी इलेक्ट्रिक स्कूटर के बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की। हालांकि, इवेंट के दौरान मुंजाल ने कहा कि जल्द ही इसे पेश किए जाने की उम्मीद है।
इस साल अप्रैल में हीरो मोटोकॉर्प ने ताइवान की कंपनी गोगोरो के साथ बैटरी स्वैप और तकनीकी सुविधाओं को साझा करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। नए इलेक्ट्रिक स्कूटर का डिजाइन गोगोरो के इलेक्ट्रिक स्कूटर जैसा नहीं दिखता। इसके बजाय कुछ एलिमेंट्स हैं, जैसे सिंगल साइडेड स्विंगआर्म, जिसमें बजाज चेतक के जैसी समानताएं हैं।
हीरो मोटोकॉर्प का लेटेस्ट टीजर ओला इलेक्ट्रिक के सबसे प्रत्याशित इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर लॉन्च से कुछ दिन पहले आया है। लॉन्चिंग के बाद हीरो के नए इलेक्ट्रिक स्कूटर का मुकाबला Ola Electric Scooter (ओला इलेक्ट्रिक स्कूटर) के अलावा, Bajaj Chetak electric (बजाज चेतक इलेक्ट्रिक), Ather 450X (एथर 450X) और TVS iQube (टीवीएस आईक्यूब) के साथ होगा।
हीरो मोटोकॉर्प इलेक्ट्रिक स्कूटर की बिक्री इस साल के आखिर या अगले साल की शुरुआत में शुरू होने की संभावना है।