आनेवाले त्यौहारी सीजन से ऑटोमोबाइल उद्योग को काफी उम्मीदें हैं। ऑटो निर्माताओं को मांग में तेजी आने के साथ ही अपने वाहनों की बिक्री बढ़ने की आशा है। इसलिए हाल ही में Ford India (फोर्ड इंडिया) ने अपनी कार Ford Freestyle (फोर्ड फ्रीस्टाइल) का एक स्पेशल एडिशन Flair लॉन्च किया है। Ford Freestyle Flair पेट्रोल और डीजल दोनों वेरिएंट्स में उपलब्ध है। ऑटोमोबाइल कंपनियां ग्राहकों को लुभाने और अपने वाहनों की बिक्री बढ़ाने के लिए कई आकर्षक ऑफर्स पेश कर रही हैं। ऐसे में देश का सबसे बड़ा बैंक State Bank of India (SBI) (भारतीय स्टेट बैंक) अपने ग्राहकों के लिए कार खरीदने पर विशेष ऑफर लेकर आई है। Ford Freestyle को खरीदने पर भारतीय स्टेट बैंक (SBI) भी अपनी तरफ से एक खास ऑफर लेकर के आया है।
क्या है SBI का ऑफर
भारतीय स्टेट बैंक ने अपने टि्वटर हैंडल पर बताया है कि SBI के मोबाइल एप YONO (योनो) के जरिए Ford Freestyle कार को बुक करने पर 22,113 रुपये तक की कार एसेसरीज मुफ्त मिलेगी। इसके साथ ही एसबीआई अपने ग्राहकों को ऑफर के तहत Ford Freestyle कार खरीदने पर बेहद आकर्षक दरों पर ऑटो लोन उपलब्ध करा रहा है। ग्राहकों को फोर्ड फ्रीस्टाइल कार खरीदने पर बैंक सिर्फ 7.50 फीसदी की ब्याज दर पर Auto loan (ऑटो लोन) दे रही है। बता दें कि एसबीआई से ऑटो लोन लेने पर ग्राहकों को 7.75 से 8.10 फीसदी तक के ब्याज दर पर लोन मिलता है। यानी फोर्ड फ्रीस्टाइल की खरीद पर 0.25 फीसदी कम ब्याज दर पर लोन मिल जाएगा। बैंक लोन देने के लिए प्रोसेसिंग फीस भी नहीं ले रही।
कार की कीमत
Ford Freestyle Flair कार की दिल्ली में एक्स-शोरूम कीमत 7.69 लाख रुपये से शुरू होती है और 8.79 लाख रुपये तक जाती है। Freestyle Flair पेट्रोल वेरिएंट में 1.2 लीटर का इंजन मिलता है। यह इंजन 96 PS का पावर जेनरेट करता है। इस वेरिएंट की कीमत 7.69 लाख रुपये है। वहीं Freestyle Flair डीजल वेरिएंट में 1.5 लीटर का इंजन मिलता है। यह इंजन 100 PS का पावर जेनरेट करता है। इस वेरिएंट की कीमत 8.79 लाख रुपये है। दोनों ही वेरिएंट में 5-स्पीड मैन्युअल ट्रांसमिशन दिया गया है।
फीचर्स
Ford Freestyle Flair में 7-inch का टचस्क्रीन बेस इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है। इसके साथ ही इसमें सैटेलाइट नेविगेशन का फीचर भी मिलता है। इस कार में ऑटोमैटिक हेडलैम्प, ऑटोमैटिक वाइपर, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, रिवर्स पार्किंग कैमरा, रिमोर्ट कंट्रोल सेंट्रल लॉकिंग सिस्टम, ऑटोमैटिक एयर कंडीशनर सहित कई फीचर्स मिलते हैं।
स्मार्ट टेक्नोलॉजी
Ford Freestyle Flair में इन-कार कनेक्टिविटी सूट FordPass दिया गया है, जो कार के अन्य वेरिएंट्स में भी मिलता है। FordPass एक ग्लोबल मोबिलिटी सॉल्यूशन है। यह एक स्मार्टफोन ऐप है जो कार के साथ मुफ्त दिया जाता है। गाड़ी में लगाई गई क्लॉउड कनेक्टेड डिवाइस ग्राहक को गाड़ी की स्थिति, गाड़ी में तेल की मात्रा, उपलब्ध तेल से कार कितनी दूर तक चल सकती है, इसकी रियल टाइम जानकारी देता है।
सेफ्टी फीचर्स
Ford Freestyle Flair में सुरक्षा के लिहाज से 6 एयरबैग मिलते हैं। इस कार में इंटेलिजेंट एक्टिव रोलओवर प्रिवेंशन (ARP) टेक्नोलॉजी इस्तेमाल किया गया है। इससे कार में इलेक्ट्रॉनिक स्टैबिलिटी कंट्रोल का फीचर मिलता है, जिसके जरिए गाड़ी का ब्रेकिंग सिस्टम बेहतर हो जाता है।