वृश्चिक राशि के जातकों को इस सप्ताह 'हारिए न हिम्मत, बिसारिए न राम' का सूत्र अपने जीवन में अपनाना होगा। यदि आप इस बात को गांठ बांधकर सही दिशा में प्रयास और परिश्रम करते रहते हैं तो आप पाएंगे कि धीरे-धीरे ही सही लेकिन उसमें आपको मनचाही सफलता एवं लाभ की प्राप्ति हो रही है। वृश्चिक राशि के जातकों को इस सप्ताह दूसरों से मदद की आस रखने की बजाय अपने काम को स्वयं ही समय से पूरा करने का प्रयास करना चाहिए। व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए सप्ताह का पूर्वार्ध थोड़ा चुनौती भरा रह सकता है। इस दौरान आपको न सिर्फ मार्केट में अचानक से आई मंदी का बल्कि अपने कंपटीटर से भी कड़ा मुकाबला करना पड़ सकता है। आपकी जितनी आय नहीं होगी, उससे कहीं ज्यादा आपके सामने खर्चें बने रहेंगे। इस दौरान की जाने वाली यात्राएं थकान से भरी और अपेक्षा से कम फलदायी साबित होंगीं।
सप्ताह के उत्तरार्ध का समय पूर्वार्ध के मुकाबले थोड़ा राहत भरा रह सकता है, लेकिन इस दौरान भी आपको अपने सपनों को पूरा करने के लिए उसे अपने पसीने से सींचना होगा। इस दौरान यदि आप किसी व्यावसायिक या घरेलू विवाद में होने वाले समझौते पर अपनी रजामंदी को नहीं जताते हैं तो वह मामला लंबे समय के लिए लटक सकता है। निजी संबंधों को बेहतर बनाए रखने के लिए शिकवा-शिकायत करने की बजाय दूसरों को माफ करने अथवा पुरानी बातों को इग्नोर करने का प्रयास करें। प्रेम संबंध में उपजी गलतफहमियों को संवाद के जरिए दूर करें।
विज्ञापन
उपाय: प्रतिदिन श्री हनुमान जी की पूजा में गुड़ और चने का भोग लगाकर बजरंग बाण का पाठ करें।