मकर राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह बीते हफ्ते के मुकाबले बेहतर साबित होगा। इस सप्ताह कार्यक्षेत्र में आपके द्वारा की गई मेहनत और प्रयास की प्रशंसा होगी। अधिकारी वर्ग आपसे प्रसन्न रहेंगे तथा अधीनस्थ लोगों का पूरा सहयोग और समर्थन मिलेगा। आर्थिक दृष्टि से देखें तो यह सप्ताह आपके लिए अत्यंत ही शुभ रहने वाला है। इस सप्ताह किसी योजना में अटका हुआ अथवा किसी को उधार दिया गया धन मिल सकता है। नौकरीपेशा लोगों की आय के अतिरिक्त स्रोत बनेंगे। कुल मिलाकर इस सप्ताह आपको आर्थिक लाभ होगा तथा आपके मान-प्रतिष्ठा में बढ़ोत्तरी होगी।
व्यवसाय से जुड़े लोगों को सप्ताह की शुरुआत में कारोबार के सिलसिले में थोड़ा अधिक भागदौड़ करनी पड़ सकती है। हालांकि कारोबार की प्रगति और लाभ से मन प्रसन्न रहेगा। रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह सप्ताह आपके लिए अनुकूल रहने वाला है। यदि किसी बात को लेकर भाई-बहनों के साथ आपके संबंध बिगड़ गये थे तो इस सप्ताह किसी वरिष्ठ व्यक्ति के माध्यम से गलतफहमियां दूर होंगी और एक बार आपके रिश्ते पटरी पर आ जाएंगे। इस सप्ताह आप समाज में अपने कार्यों और बातों से अच्छा संदेश देने में कामयाब होंगे। आपकी वाणी से विपरीत लिंगी व्यक्ति प्रभावित होगा। प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे। वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा।
विज्ञापन
उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव को भस्म अर्पित करके रुद्राष्टकं का पाठ करें।