काबुल: अफगान नेता के अंतिम संस्कार के दौरान विस्फोट, 15 की मौत
काबुल में सरकार विरोधी प्रदर्शन के दौरान मारे गए एक अफगान नेता के बेटे के अंतिम संस्कार के दौरान हुए धमाकों में कम से कम 15 लोग मारे गए या घायल हुए हैं। इस घटना के बाद अफगानिस्तान की राजधानी में तनाव और बढ़ गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सलीम इजायदार के शव को दफनाए जाने वाले स्थान पर तीन विस्फोट हुए। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता नजीब दानिश ने ट्विटर पर कहा कि हमें नहीं मालूम की विस्फोट कैसे हुआ। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार 15 लोग हताहत हुए हैं। गौरतलब है कि काबुल में बढ़ती असुरक्षा की स्थिति के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे सैकड़ों प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस को गोली चलानी पड़ी थी। इस दौरान अफगान नेता के बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई थी।
विरोध प्रदर्शनों को रोकने के लिए रविवार को काबुल शहर में चेक प्वाइंट्स पर सशस्त्र बलों की तैनाती और बख्तरबंद वाहनों की गश्ती के साथ शहर में जगह-जगह मोर्चाबंदी की गई है। राष्ट्रपति अशरफ गनी के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए थे और पुलिस से भीड़ गए थे। भीड़ को तितर बितर करने के लिए अधिकारियों को हवा में गोलियां चलाने, आंसू गैस का इस्तेमाल और पानी का बौछार करना पड़ा था। बुधवार को काबुल के राजनयिक परिसरों वाले क्षेत्र में हुए बम विस्फोट को लेकर प्रदर्शनकारी विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इस विस्फोट में 90 लोग मारे गए थे और सैकड़ों घायल हो गए थे। 2001 के बाद शहर में हुआ यह अब तक का सबसे बड़ा हमला था।