एक साल से IS की कैद में फंसे भारतीय पादरी पहुंचे वेटिकन सिटी, विदेश मंत्री ने जताई खुशी
यमन में आतंकी संगठन आईएस द्वारा 18 महीने पहले अगवा किए गए केरल के कैथोलिक पादरी टॉम उझुन्नैल को सकुशल छुड़ा लिया गया है। वे वेटिकन सिटी पहुंच चुके हैं। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।
उन्हें लंबे प्रयास के बाद ओमान और यमन सरकार की सहायता से रिहा कराया गया। पिछले साल मार्च में यमन के दक्षिणी बंदरगाह शहर अदन में मिशनरियों द्वारा संचालित एक वृद्धाश्रम पर आईएस के जिहादियों ने हमला बोल दिया था, जिसमें चार नन समेत 16 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से टॉम उझुन्नैल लापता थे।
भारत सरकार तब से उनकी रिहाई के लिए प्रयासरत थी। पादरी की रिहाई के सूचना देते हुए विदेश मंत्री ने कहा, ‘मुझे यह सूचना देने में खुशी हो रही है कि फादर टॉम उझुन्नैल को मुक्त करा लिया गया है।’ देर शाम सुषमा ने जानकारी दी कि फादर उझुन्नैल वेटिकन पहुंच गए हैं।
इससे पहले ओमान की आधिकारिक न्यूज एजेंसी ने कहा कि फादर का पता लगाने और उन्हें छुड़ाने में सफलता मिल गई है। वह मस्कट पहुंच गए हैं। एजेंसी के मुताबिक फादर ने ओमान के सुल्तान काबूस बिन सैयद का आभार जताया। अगवा किए जाने के बाद पादरी ने एक वीडियो के माध्यम से रिहाई के लिए भावुक अपील की थी।
यमन ने भारत को दिलाया था भरोसा
इस दौरान उन्होंने यह भी कहा था कि भारतीय होने के नाते ईसाई संसार उनके अपहरण को नजरअंदाज कर रहा है। अगर वह यूरोपीय होते तो ईसाई संसार उनके अपहरण की घटना को संजीदगी से लेता। इसी वीडियो में उन्होंने पोप फ्रांसिस से भी मदद की अपील की थी।
वहीं ओमान की आधिकारिक समाचार एजेंसी ने कैद के दौरान उनकी एक तस्वीर भी जारी की थी, जिसमें वह स्थानीय पारंपरिक पोशाक पहने हुए थे और सफेद दाढ़ी में थे।
यमन ने भारत को दिलाया था भरोसा
इस साल जुलाई में यमन के उप प्रधानमंत्री अब्दुलमलिक अब्दुलजलील अल मेखलफी भारत आए थे। तब उन्होंने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को बताया था कि उनके पास उपलब्ध सूचना के मुताबिक फादर टॉम जिंदा हैं। उन्होंने इस मामले में भारत सरकार को हर तरह के सहयोग का भरोसा दिलाया था।
सूली पर चढ़ाने की आई थी खबर
पिछले साल मार्च में ही खबरें आई थीं कि आईएस आतंकियों ने पादरी को गुड फ्राइडे के मौके पर सूली पर लटका दिया है। हालांकि सरकार की ओर से मीडिया में आई उनकी मौत की खबरों की पुष्टि नहीं की गई थी।
केरल में खुशी
केरल में चर्च, पादरियों, राजनेताओं और सीएम पिनराई विजयन ने फादर उझुन्नैल के आतंकियों के चंगुल से मुक्त होने पर खुशी जाहिर की है।