वाराणसी में कोरोना से अलर्ट: मुंबई से लौटे व्यापारी और बीएचयू के डॉक्टर संक्रमित, जीनोम सीक्वेंसिंग रिपोर्ट का इंतजार
वाराणसी में चार लोग पहले से ही कोरोना संक्रमित हैं। अभी उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई नहीं कि शहर में दो और मामला सामने आ गया है।
विस्तार
ओमिक्रॉन की दहशत के बीच वाराणसी में कोरोना संक्रमण धीरे-धीरे ही सही बढ़ता जा रहा है। शनिवार को मुंबई से लौटे रविंद्रपुरी निवासी 61 साल के व्यापारी और साकेत नगर निवासी आईएमएस बीएचयू के 31 साल के डॉक्टर में संक्रमण की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से दोनों मरीजों का सैंपल लेकर जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए केजीएमयू लखनऊ भेजा गया है।
रिपोर्ट आने पर ही पता चल पाएगा कि इनमें कौन सा वेरियंट मिला है। जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। जिले में कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देख पहले से अधिक सतर्कता बरतने की जरूरत है। इस बीच आठ दिन में ही छह नए मरीज मिले हैं।
दो दिन पहले कैंट निवासी एक बैंक कर्मी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. एसएस कन्नौजिया ने बताया कि रविंद्रपुरी निवासी बिजनेसमैन दो दिन पहले ही मुंबई से लौटे हैं। आने के बाद लक्षण महसूस होने पर जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। बीएचयू के सीनियर रेजिडेंट के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
संपर्क में आने वालों का भी लिया सैंपल
बेडवार स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की प्रक्रिया शुरू
कोरोना की दूसरी लहर में कोविड अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ने के बाद बेड, आईसीयू, ऑक्सीजन को लेकर जैसी समस्या हुई थी, उसको देखते हुए संभावित तीसरी लहर में बेड, ऑक्सीजन तो पूरे हैं, लेकिन स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती बड़ी चुनौती होगी। क्योंकि दूसरी लहर में जिले में 100 से अधिक चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ संक्रमित भी हुए थे।
ऐसे में इस बार अभी से स्वास्थ्य विभाग कोविड अस्पतालों में मरीजों की सेवा के लिए स्वास्थ्यकर्मियों की सूची तैयार करने में जुट गया है। इसमें बाल रोग विशेषज्ञ, हृदय रोग विशेषज्ञ, चेस्ट फिजिशियन, फिजिशियन, ईएनटी स्पेशलिस्ट के साथ ही जरूरत पड़ने पर मेडिकल कॉलेजों के रेजिडेंट की सेवा लेने की तैयारी चल रही है।
स्वास्थ्य विभाग को शासन से पूरी तैयारी करने के निर्देश मिले हैं। ऐसे में संक्रमित होने के बाद भी अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सक रहें, इसको लेकर स्थानीय स्तर पर बेडवार स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
आयुष चिकित्सकों, रेजिडेंट की भी होगी तैनाती
दूसरी लहर की तरह आयुर्वेद कॉलेज, होम्योपैथिक चिकित्सकों और रेजिडेंट की सूची भी तैयार कराई जा रही है। इसमें अन्य निजी चिकित्सा संस्थानों में पढ़ने वाले जूनियर डॉक्टरों से भी सेवा ली जा सकती है।
सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने कहा कि संभावित तीसरी लहर से निपटने की तैयारी तेजी से चल रही है। कोविड अस्पतालों में जिले के अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ की सेवा लेने के साथ ही जरूरत पड़ने पर शासन के निर्देश पर आसपास के जिलों के भी चिकित्सकों की सेवा भी ली जाएगी।
वाराणसी में बने कोविड अस्पताल
- बीएचयू सर सुंदरलाल अस्पताल
- बीएचयू ट्रामा सेंटर
- दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल
- होमी भाभा कैंसर अस्पताल, लहरतारा
- बीएल डब्ल्यू हॉस्पिटल
- ईएसआईसी हॉस्पिटल
- लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल, रामनगर
- पंडित राजन मिश्र डीआरडीओ हॉस्पिटल, बीएचयू