मुजफ्फरनगर में भड़की हिंसा, एक की मौत आधा दर्जन लोग घायल, फोर्स तैनात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुजफ्फरनगर मेें भी सहारनपुर की तरह देर रात बवाल हो गया। दो समुदायों के लोगों में जमकर पथराव व फायरिंग हुई। शहर में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बनी। मौके पर पुलिसफोर्स तैनात।
मुजफ्फरनगर में शहर से सटे नसीरपुर गांव में देर रात दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों में पथराव और फायरिंग हुई। घंटों तक जमकर बवाल हुआ। इस दौरान एक छात्र की मौत हो गई जबकि आधा दर्जन लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। वहीं सूचना मिलने पर एसएसपी अनंत देव कई थानों की पुलिस लेकर मौके पर पहुंच गए।
देर रात हुए खूनी संघर्ष में एक युवक के सिर में गोली लग गई। गंभीर हालत में उसे मेरठ रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मामला दो समुदायों के लोगों के बीच होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति बन गई। गांव में व्याप्त तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।
देर रात हुई घटना
घटना देर रात शहर से सटे नई मंडी कोतवाली के नसीरपुर गांव में हुई। पुलिस के मुताबिक गांव के बृजपाल के घर के बाहर नाली में गड्ढे में पानी भरा हुआ है। देर रात मुस्लिम समाज के कुछ लोग इसी रास्ते से तरावीह पढ़ने के लिए जा रहे थे। इस दौरान मुस्लिम पक्ष के लोगों के कपड़े कीचड़ में सन गए। इस पर गुस्साए युवकों ने ब्रजपाल से कहा कि वह नाली को ठीक कराए। इसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। बात बढ़कर गाली-गलौज और मारपीट में तब्दील हो गई। लोग घरों से हथियार ले आए। देखते ही देखते पथराव और फायरिंग शुरू हो गई। इसी दौरान ब्रजपाल के बेटे आकाश (22) के सिर में गोली लग गई। इसके अलावा आधा दर्जन लोग लहूलुहान हो गए। गांव में खूनी संघर्ष के बाद सांप्रदायिक तनाव फैल गया। दोनों समुदाय के लोगों की भीड़ आमने-सामने आ गई। घरों में चीख-पुकार मच गई। एसएसपी अनंत देव, एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह समेत तमाम आला अधिकारी आसपास के थानों का फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर मिले आधा दर्जन घायल लोगों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। आकाश की हालत गंभीर देखते हुए उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। आकाश बेगराजपुर मेडिकल कालेज का छात्र बताया गया है। पुलिस ने लाठियां भांजकर भीड़ को मौके से खदेड़ा और एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/