सऊदी अरब में बैठे पति ने मोबाइल पर मेसेज भेजकर दिया तलाक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देवबंद में फतवों की नगरी देवबंद में तलाक से जुड़ा एक मामला प्रकाश में आया है। सऊदी अरब में बैठे पति ने मोबाइल पर मेसेज भेजकर पत्नी को एक तलाक दे दिया। जिसके बाद पत्नी ने मुफ्तियों से फतवा लिया। जिसमें मुफ्तियों ने एक तलाक में सुलह की गुंजाइश बताते हुए एक निर्धारित समय दे दिया। लेकिन समय गुजरने के बाद भी इसका कोई समाधान नहीं हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार यह मामला करीब चार माह पुराना है। जिसमें सऊदी अरब में बैठे लबकरी गांव निवासी दिलनवाज ने बीवी नजमा को मोबाइल पर मेसेज भेजकर एक तलाक दे दी। महिला ने जब मेसेज देखा तो उसके पैरों तले से जमीन खिसक गई। जिसके बाद उसने परिजनों को इसकी जानकारी दी। महिला ने इस संबंध में मुफ्तियों से एक फतवा ले लिया। मुफ्तियों ने एक तलाक में सुलह की गुंजाइश बताते हुए उसे तीन माह का समय देते हुए कहा कि अगर इस तय समय में पति फोन पर तलाक को वापस ले लेता है तो निकाह कायम रहेगा। लेकिन यह समय गुजरने के बाद भी न तो पति ने फोन किया और न ही वह लौटा। जिसके बाद बीवी और शौहर के परिवारजनों ने आपस में बैठकर दोनों का रिश्ता खत्म करा दिया।
सीएम को भेजा पत्र, बंद हो तीन तलाक की प्रथा
देवबंद में मोहल्ला सराय पीरजादगान निवासी नजमा ने बताया कि उसका निकाह 26 नवंबर 2013 को हुआ था। उसके एक ढाई वर्ष का बेटा भी है। नजमा ने बताया कि शौहर सऊदी अरब चला गया और उसने वहां जाकर मोबाइल पर एक तलाक लिखकर मेसेज कर दिया। उसने बताया कि पिता अपाहिज है और उसकी छोटी बहन की अभी शादी भी नहीं हुई है। अब मैं कहां जाऊं और क्या करूं। बच्चे को बाप का नाम कैसे मिलेगा ? उसने सीएम को पत्र भेजकर कहा कि तीन तलाक प्रथा बंद होनी चाहिए।
इद्दत गुजरने के बाद दोबारा निकाह कर सकता है अलग हुआ दंपति
इस मामले में अरबी के प्रसिद्ध विद्वान मौलाना नदीमुलवाजदी का कहना है कि मेसेज द्वारा दिया गया तलाक मान्य है। शौहर चाहे तो तीन माह के भीतर दिए हुए तलाक को वापस ले सकता है। लेकिन अगर वह ऐसा नहीं करता और तय अवधि खत्म हो जाती है तो निकाह समाप्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर शौहर और बीवी फिर से एक होना चाहते हैं तो बीवी को इद्दत गुजरनी होगी और बाद में वह फिर से निकाह कर सकते हैं।