मथुरा। पुलिस की वर्दी पहनकर हाईवे पर वाहन लूट की वारदात को अंजाम देने वाले अंतर्राज्जीय पांच लुटेरे छाता पुलिस के हाथ लगे हैं। जबकि एक लुटेरा पुलिस को चकमा देकर भाग गया। गांव अहूरी के समीप पुलिस ने मुठभेड़ में इन लुटेरों से तीन ट्रैक्टर, एक ट्रोला, एक बोलेरो, असलहे, 40 हजार की नकदी और सात मोबाइल बरामद किए हैं। छाता, कोसी और फिरोजाबाद में दिनदहाड़े ट्रैक्टर-ट्रोला लूटकर लुटेरों ने पुलिस को खुली चुनौती दी थी। शनिवार की रात गांव अहूरी के समीप लुटेरों से हुई मुठभेड़ में छाता पुलिस और स्वाट टीम ने पांच लुटेरों को दबोच लिया। यह लुटेरे लूटे ट्रैक्टरों को चंदौस में बेचने के लिए जा रहे थे। पुलिस लाइन सभागार में एसपी देहात आदित्य शुक्ला ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों में अलीगढ़ के इगलास निवासी जयपाल, अलीगढ़ के चंदौस निवासी सदाकत, वृंदावन के सकराया निवासी हरिनारायण और रवि, हाथरस के सलेमपुर निवासी राजवीर हैं। फरार लुटेरा रिफाइनरी के धाना तेजा निवासी पवन है। एसएसपी स्वप्निल ममगाई ने पुलिस टीम को पांच हजार का इनाम दिया है। छाता कोतवाली प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि सभी शातिर अपराधी हैं और कई जिलों में वारदात करना कबूल किया है। पुलिस की वर्दी पहनकर सड़कों पर चेकिंग के नाम पर गाड़ियों को रोकते और लूट लेते थे।