US Open: एक साल बाद कोर्ट में की वापसी और वीनस को फाइनल में जाने से रोक दिया
यूएस ओपन 2017 में महिला सिंगल्स में नया चैंपियन मिलना तय हो गया है। स्लोएन स्टीफंस ने गुरुवार को महिला सिंगल्स के उतार-चढ़ाव भरे सेमीफाइनल में वीनस विलियम्स को 6-1, 0-6, 7-5 से हराकर इसे साबित किया।
विंबलडन के बाद पैर में चोट की वजह से बाहर रही स्टीफंस ने करीब एक साल के बाद कोर्ट पर वापसी की और 9वीं वरीय विलियम्स की इस वर्ष तीसरे मेजर फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को चकनाचूर कर दिया। अब फाइनल में स्टीफंस का मुकाबला कोको वंदेवेघ या मैडिसन कीस की विजेता से होगा।
पिछले वर्ष फरवरी में चोटिल होने के बाद धमाकेदार वापसी करने वाली 24 वर्षीया स्टीफंस ने मैच के बाद कहा, 'मेरे पास अपनी भावना को व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं है। जिस तरह मैं यहां पहुंची, उसे बयां नहीं कर पा रही हूं। मुझे नहीं पता कि यहां तक कैसे पहुंची। कड़ी मेहनत को ही वजह बता सकती हूं'
उतार-चढ़ाव भरे मैच में इस तरह जीती अमेरिकी खिलाड़ी
पहले सेट में स्टीफंस ने शानदार खेल दिखाया और वीनस को सिर्फ एक ही पॉइंट हासिल करने दिया। उन्होंने पहला सेट 6-1 से अपने नाम किया। इसके बाद 37 वर्षीया वीनस फॉर्म में आई और दूसरे सेट में स्टीफंस को अंक लेने का कोई मौका ही नहीं दिया। अमेरिकी स्टार खिलाड़ी ने 6-0 से अपने से 13 साल छोटी स्टीफंस को मात दी।
निर्णायक सेट काफी कसा हुआ रहा। दोनों के एक-दूसरे को ब्रेक पॉइंट लेने का कोई मौका नहीं दिया। मगर अंत में स्टीफंस ने अच्छे फॉरहैंड से बढ़त हासिल की। वीनस की मैच में परेशानी यह रही कि उन्होंने अनचाही गलतियां की।