भोरंज उपचुनाव में 63.33 फीसदी मतदान, 13 अप्रैल को आएगा फैसला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के हमीरपुर के भोरंज विधानसभा क्षेत्र में रविवार को संपन्न हुए उपचुनाव में 63.33 फीसदी मतदान हुआ। विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए 99 पोलिंग बूथ स्थापित किए गए थे। जिनमें 12 अति संवेदनशील सात सवेदनशील तथा तथा 80 सामान्य मतदाता मतदान केंद्र थे।
स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रुप से उपचुनाव को संपन्न करवाने के लिए पुलिस कर्मचारियों के अतिरिक्त 500 विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, 9 सेक्टर ऑफिसर तथा 2 सेक्टर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई। इसके अतिरिक्त 15 माइक्रो पर्यवेक्षक भी नियुक्त किए गए थे।
मतदान केंद्रों पर सुबह आठ बजे से सायं पांच बजे तक मतदान हुआ। मतदान में महिलाओं, पुरुषों, बुजुर्गों और नए मतदाताओं ने बढ़चढ़कर भाग लिया। विधानसभा में कुल 73975 मतदाताओं में से 46848 मतदाताओं ने मतदान किया।
मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान के लिए निर्वाचन विभाग ने पैरा मिलिट्री फोर्स, पुलिस और होमगार्ड जवानों को तैनात किया गया था। सुबह के समय सभी मतदान केंद्रों पर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। लेकिन दोपहर बाद लोगों का हुजूम कम होता नजर आया।
बीजेपी से प्रत्याशी डा. अनिल धीमान, कांग्रेस से प्रमिला देवी, जबकि निर्दलीय प्रत्याशियों पवन कुमार, डा. रमेश डोगरा और कुसुम आजाद चुनाव मैदान में हैं। सभी पांचों प्रत्याशियों का भविष्य ईवीएम मशीनों में कैद हो गया है। अब 13 अप्रैल को बैसाखी के दिन प्रत्याशियों की हार जीत का फैसला होगा।
यहां जानिए मतदान से जुड़ी सारी अपडेट
भाजपा प्रत्याशी डा. अनिल धीमान अपने मतदान केंद्र दियालड़ी(भोरंज)में सबसे पहले वोटिंग के इरादे से सुबह आठ बजे से पहले ही पहुंच गए। लेकिन यहां ईवीएम मशीन में तकनीकी खराबी के कारण उन्हें पौना घंटा तक इंतजार करना पड़ा।
प्रजाइडिंग अफसर की शिकायत के बाद विभाग ने नई मशीन उपलब्ध करवाई, जिसके बाद 8:50 पर वोटिंग शुरू हो पाई। इसके अलावा मतदान केंद्र महल, करहा, कक्कड़ और खरबाड़ मतदान केंद्र पर भी ईवीएम मशीनों में तकनीकी खराबी आने के कारण मतदाताओं को कुछ देर असुविधा का सामना करना पड़ा। लेकिन निर्वाचन विभाग ने शीघ्र ही तकनीकी खराबी को दूर कर मतदान चालू करवाया।
इस प्रकार रही दिनभर की वोटिंग
भोरंज विधानसभा क्षेत्र में 99 पोलिंग बूथों पर सुबह नौ बजे 9.76 फीसदी मतदान हुआ। 11 बजे तक 27.04, एक बजे तक 47.82, सायं 3 बजे तक 58.02 और सायं पांच बजे तक 63.33 फीसदी मतदान हुआ।
क्या कहते हैं जिला निर्वाचन अधिकारी
जिला निर्वाचन अधिकारी हमीरपुर मदन चौहान ने कहा कि भोरंज विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के दौरान 63.33 प्रतिशत मतदान हुआ है। मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हो गया है। मतों की गणना 13 अप्रैल को की जाएगी।