{"_id":"5911d68d4f1c1b0a13851c4e","slug":"sky-way-service-in-dharamshala-agreement-signed-with-belarus","type":"story","status":"publish","title_hn":"क्या बात! धर्मशाला में शुरू होगी ये सेवा, बेलारूस से हुआ करार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
क्या बात! धर्मशाला में शुरू होगी ये सेवा, बेलारूस से हुआ करार
ब्यूरो/अमर उजाला, नई दिल्ली/शिमला
Updated Tue, 09 May 2017 08:18 PM IST
विज्ञापन
प्रदेश सरकार पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए धर्मशाला में स्काई वे के माध्यम से सस्ती, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल नई परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने जा रही है। यह सेवा अगले तीन साल में संचालित हो जाएगी। इस परिवहन व्यवस्था को विकसित करने के लिए सरकार ने मंगलवार को बेलारूस की परिवहन और ढांचागत विकास कंपनी स्काई-वे टेक्नोलॉजी कारपोरेशन के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए।
विज्ञापन
शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से धर्मशाला हिमाचल का पहला प्रदेश होगा। यात्रियों को सस्ती दर पर स्काई वे परिवहन व्यवस्था उपलब्ध होगी। धर्मशाला में 15 किलोमीटर क्षेत्र में यह परिवहन व्यवस्था दो चरणों में विकसित की जाएगी।
विज्ञापन
पहले चरण में 8 किलोमीटर हवाई मार्ग का निर्माण किया जाएगा और इसके लिए अगले तीन माह में कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। दूसरे चरण में शेष कार्य पूरा किया जाना है। स्काई-वे में खंभों के बीच बिजली की तारों पर ट्रेन जैसी बोगी 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी। इसमें 6 यात्री एक साथ यात्रा कर सकेंगे।
विज्ञापन
इसके लिए यात्री को 15 किलोमीटर का सफ र तय करने पर 60 रुपये खर्च करने होंगे। एक दिन में 20 हजार यात्री इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने कहा कि धर्मशाला के 15 किलोमीटर के क्षेत्र में यह सुविधा प्रदान की जानी है। यह व्यवस्था पूरी तरह दुर्घटना मुक्त है और भूकंप का भी इस पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।
शहरी विकास मंत्री ने कहा कि एक किलोमीटर विकसित करने में 38 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके माध्यम से यात्रियों के अलावा माल ढुलाई भी की जाएगी। समझौता हस्ताक्षर के समय शहरी एवं विकास मंत्री के अलावा धर्मशाला नगर निगम की महापौर रंजना व्यास, उप महापौर, सुरिंद्र जग्गी, धर्मशाला के मंडलायुक्त ललित जैन तथा स्काई वे के अध्यक्ष डॉ. अनातोली यूनीस्शिकी भी मौजूद थे।