सता संग्रामः चुनावी वादे हवा, पार्किंग समस्या बरकरार, नहीं निकला स्थाई समाधान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा हो या कांग्रेस शिमला शहर में आज तक दोनों पार्टियां पार्किंग की समस्या का स्थायी हल नहीं कर पाईं हैं। कई पार्किंग बनने के बावजूद समस्या जस की तस है। पर्यटन सीजन के दौरान तो हालात और बिगड़ जाते हैं।
शिमला में एंट्री से पहले ही पर्यटक पार्किंग की सुविधा की जानकारी लेते हैं। अगर पार्किंग न मिल पाए तो मजबूरन सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी करते है। इससे घंटों शहर की लाइफलाइन जाम हो जाती है।
पार्किंग सुविधा मिल जाए तो सैलानियों को लूटा जाता है। चुनावी साल में हर बार पार्टियां इस समस्या से निजात दिलाने के दावे तो करती हैं, लेकिन होता कुछ नहीं।
पर्यटन सीजन होने पर दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा से लाखों की तादाद में पर्यटक हर साल परिवार और दोस्तों के साथ शिमला घूमने आते हैं। लेकिन, पार्किंग का अभाव उन्हें काफी परेशान करता है।
पार्किंग के अभाव में सड़कों पर खड़ी होती हैं गाड़ियां
शिमला शहर में पार्किंग का अभाव है। माननीयों ने अपनी गाड़ियां खड़ी करवाने के लिए तो पार्किंग सुविधा ली है। लेकिन जो गाड़ियां शहर में प्रवेश करती हैं, उनमें से कई सड़क किनारे खड़ी रहती हैं। नियमों की अवहेलना होने के कारण तो पर्यटकों को अगले दिन गाड़ियां लेने के लिए पुलिस से संपर्क कर चालान कटवाने के बाद ही गाड़ियां छुड़वानी पड़ती हैं।
येलो लाइन के भीतर भी सुरक्षित नहीं हैं गाड़ियां
शहर में गाड़ियां पार्क करवाने को लेकर पेड पार्किंग सुविधा तो दी है। लेकिन यहां गाड़ियां खड़ी करना सुरक्षित नहीं हैं। येलो लाइन में खड़ी की गईं गाड़ियां कई बार बड़ी गाड़ियों की टक्कर से क्षतिग्रस्त हो जाती हैं।
क्या कहते हैं शहरवासी
कोई भी पार्टी पार्किंग समस्या नहीं सुलझा पाई
कोई भी पार्टी शिमला शहर में पर्यटकों को बेहतर पार्किंग सुविधा नहीं दे पाई है। स्थानीय लोग भी शिमला जाने के लिए बसों में सफर करते हैं। पार्किंग की समस्या हल होती है तो ही यहां पर कारोबार बढ़ सकता है।- नरेंद्र ठाकुर
सड़क पर गाड़ी पार्क करने पर हो जाता है चालान
मजबूरी में अगर गाड़ी को सड़क किनारे पार्क कर दिया जाता है तो कुछ ही समय में पुलिस के कर्मी गाड़ी का चालान कर देते हैं या फिर गाड़ियों को टो करके ले जाते है। ऐसे में गाड़ी को छुड़ाने के लिए औपचारिकताएं करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।- नवीन ठाकुर
मामले पर भाजपा और कांग्रेस आमने सामने
भाजपा कार्यकाल में ही बनीं पार्किंग: भारद्वाज
शिमला शहर के विधायक सुरेश भारद्वाज ने कहा कि शहर में जितनी भी पार्किंग बनाई गई है। वह सभी भाजपा के कार्यकाल में ही बनी है। लिफ्ट, जोधा निवास, आईजीएमसी सहित अन्य जगहों पर बनी पार्किंग भाजपा की ही देन है। शहर में और अधिक पार्किंग सुविधा हो इसके लिए सर्वे करके पार्किंग के लिए जगह को तलाशी जा रही है। रेलवे से जमीन को लेकर बात चली रही है जगह मिलने पर यहां दो हजार गाड़ियां पार्क हो जाएगी।
एक पार्किंग का नाम बता दें भाजपाईः जनारथा
पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष हरीश जनारथा ने कहा कि भाजपा झूठ बोलने में माहिर है। शहर में एक भी पार्किंग का नाम बता दें जिसका इन्होंने निर्माण करवाया। इन पांच सालों में शहर में जितनी भी पार्किंगों का लोकापर्ण हुआ है वह सब कांग्रेस सरकार ने करवाया है। इस पर अगर किसी को संदेह हो तो वह संबंधित विभाग में आरटीआई लगा सकते हैं। सारा सच सामने आ जाऐगा। शिमला शहर की जितनी उपलब्धियां भाजपा विधायक गिनवा रहे हैं यह सब कांग्रेस सरकार ने की है। भाजपा बीते पांच साल में केवल मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां ही करती रही।