MC SHIMLA: भाजपा ने तीन गाड़ियों में ठूंसकर अज्ञात स्थान पर पहुंचाए पार्षद
शिमला नगर निगम के नवनिवार्चित पार्षदों ने सोमवार को बचत भवन में शपथ ग्रहण की। इस दौरान हाई प्रोफाइल ड्रामा हुआ।
नगर निगम के मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव मंगलवार तक के लिए टलने के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सभी पार्षदों को बचत भवन में ही रोके रखा और एक चैन बनाकर उन्हें वहां से बाहर निकाला।
जो ड्रामा भाजपा ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर किया उससे लगा कि उन पर कोई बड़ा खतरा मंडरा रहा हो। बचत भवन से इन पार्षदों को कार्यकर्ताओं की कड़ी सुरक्षा के बीच निकाला गया और सभी 19 पार्षदों को तीन छोटी गाड़ियों में भरकर किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया। इस दौरान उपायुक्त कार्यालय में खूब ड्रामा हुआ।
भारद्वाज बोले- पार्षदों की खरीद-फरोख्त कर सकती है सरकार
19 पार्षदों को तीन छोटी गाड़ियों में भरा गया और वहां से अज्ञात स्थान पर ले जाया गया। इससे पहले बचन भवन में भाजपा के कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ थी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती, मुख्य प्रवक्ता डॉ. राजीव बिंदल, विधायक सुरेश भारद्वाज समेत कई नेता और पदाधिकारियों के साथ-साथ कार्यकर्ता मौजूद थे।
भाजपा विधायक सुरेश भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस सरकार उनके पार्षदों की खरीद-फरोख्त कर सकती है। इसलिए वे अपने पार्षदों को निगरानी में रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस के पार्षद भाजपा में अपनी मर्जी से आए हैं। उन्होंने दावा किया कि कुछ और पार्षद उनके संपर्क में हैं।
सुरेश भारद्वाज और बिंदल में हुई बहस
बचत भवन में आज उस समय स्थिति असहज हो गई जब वहां कार्यकर्ताओं के मौजूदगी के बीच विधायक सुरेश भारद्वाज और डॉ. राजीव बिंदल में बहस हो गई।
जैसे ही शपथ ग्रहण समारोह हुआ और शहरी विकास विभाग के निदेशक ने मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव की प्रक्रिया की जानकारी दी उसके बाद कार्यकर्ता नारे लगाने लगे।
इस बीच बिंदल भी नारे लगाने लगे और इस पर भारद्वाज ने उन्हें नारे लगाने से रोका। इससे वहां स्थिति असहज हो गई कुछ देर के लिए कार्यकर्ता भी खामोश हो गए। इसके बाद बिंदल वहां से चले गए।
आजाद संजय परमार ‘फूल’ के साथ
नगर निगम के कच्चीघाटी वार्ड से जीते निर्दलीय पार्षद संजय परमार ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय दीप कमल में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, स्थानीय विधायक सुरेश भारद्वाज, पूर्व मंत्री नरेंद्र बरागटा, नगर निगम चुनाव प्रभारी डॉ. राजीव बिंदल सहित अन्य सैकड़ों नेताओं की उपस्थिति में बिना शर्त भाजपा में शामिल होने की घोषणा की।
ईश्वर रोहाल और लेखराज परमार ने विशेष रूप से इन्हें पार्टी की सदस्यता दिलवाने के लिए प्रेरित किया। संजय परमार के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने से शिमला नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। डॉ. राजीव बिंदल ने कहा है कि कांग्रेस की ओर से गैर कानूनी तौर पर किए जा रहे प्रयास कभी सफल नहीं होंगे।
जनता ने अपना जनमत भाजपा के पक्ष में और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ दिया है। कांग्रेस सरकार को और पार्टी को जनमत का सम्मान करते हुए अपनी हार स्वीकार करनी चाहिए। संजय परमार के साथ एचपीएसईबी मिनिस्ट्रियल ऐसोसिएशन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विद्यासागर शर्मा ने भी भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
नगर निगम के 34 नए पार्षदों ने ली पद और गोपनीयता की शपथ
नगर निगम शिमला के 16 जून को हुए चुनाव में चुनकर आए सभी 34 पार्षदों ने सोमवार को दोपहर तीन बजे के बाद पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। सदन के इस शपथ ग्रहण समारोह की अध्यक्षता करने पहुंचे निदेशक शहरी विकास डीके गुप्ता ने सभी पार्षदों को समर्थकों की भीड़ के बीच पद की शपथ दिलवाई।
सदन में आगामी मेयर और डिप्टी मेयर चुनने की प्रक्रिया होनी थी। इस बीच दी गई ब्रेक के बाद कांग्रेस और माकपा के पार्षद सदन में नहीं लौटे। फिर भाजपा समर्थित पार्षद और नेता ही सदन में शेष बच गए। अतिरिक्त समय दिए जाने के बाद भाजपा के अधिवक्ता ने भी पीठासीन अधिकारी से हाईकोर्ट के आदेशों का हवाल देते हुए सोमवार को ही मेयर डिप्टी मेयर चुनाव किए जाने की मांग रखी।
निदेशक यूडी ने 4:49 पर सदन में कोरम पूरा न होने का हवाला और अपनी शक्तियों के इस्तेमाल और कोर्ट के आदेशों का अनुपालन करने की बात करते हुए मंगलवार सुबह ग्यारह बजे मेयर डिप्टी मेयर चुनने की प्रक्रिया को सदन बुलाने की बात की। उन्होंने साफ किया कि मंगलवार को चाहे कोरम पूरा हो या न हो, इसमें कोरम की शर्त नहीं लगेगी और हर हालत में शहर को मेयर डिप्टी मेयर मिल जाएगा।
चाय पीने गए और फिर नहीं लौटे कांग्रेस, माकपा के पार्षद
आधे घंटे की ब्रेक में बाहर गए कांग्रेस और माकपा समर्थित पार्षद मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव की प्रक्रिया के लिये वापस ही नहीं लौटे। इस पर सदन में भाजपा समर्थित पार्षदों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में जय श्री राम, भारत माता की जय के नारे लगाए और चुनाव की मांग की।