धर्मशाला ने रचा इतिहास, पहली बार खेला जा रहा है टेस्ट मैच, रोमांचक होगा मुकाबला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
धौलाधार की वादियों में बना धर्मशाला का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम शनिवार सुबह नौ बजे टॉस का सिक्का उछलते ही इतिहास रचेगा। अप्रैल 2005 से धर्मशाला स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच शुरू हुए। करीब 12 साल के लंबे इंतजार के बाद यहां पहला टेस्ट मैच शनिवार से खेला जाएगा। धर्मशाला की पिच, मौसम और मेजबानी की तो परीक्षा होगी ही, निर्णायक मैच में टीम इंडिया की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी हुई है।
टेस्ट सीरीज में भारत और आस्ट्रेलिया की दोनों टीमें एक-एक जीत के साथ बराबरी पर हैं। ऐसे में घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर टीम इंडिया सीरीज जीतने को बेताब है। उधर, एचपीसीए ने भी सफल आयोजन को एड़ी चोटी का जोर लगा दिया है। उधर, शुक्रवार को चौथे और अंतिम टेस्ट मैच से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाड़ियों ने मैकलोडगंज स्थित मुख्य बौद्ध मठ परिसर में
धर्मगुरु दलाईलामा से मुलाकात की और उनसे आशीर्वाद लिया। करीब एक घंटे तक चली मुलाकात में दलाईलामा ने अध्यात्म सहित अन्य मुद्दों पर विचार साझा किए। साथ ही ऑस्ट्रेलियन खिलाड़ियों के कई सवालों के जवाब दिए। दलाईलामा ने अपने ही अंदाज में कप्तान स्टीव और अन्य खिलाड़ियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
तेज से धीमी करवाई धर्मशाला की पिच
क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला की पिच अब बल्लेबाजों के पक्ष में होगी। मैच की पूर्व संध्या पर बीसीसीआई के चीफ पिच क्यूरेटर दलजीत सिंह ने धर्मशाला स्टेडियम की पिच पर रोलर चलवाया है। इससे पूर्व पिच का मिजाज तेज रखा गया था, जबकि शुक्रवार को मुख्य पिच क्यूरेटर ने इसे थोड़ा धीमा करवाया है। अब पिच बल्लेबाजों को लाभ दे सकती है।
कपिल देव, गावस्कर और माइकल क्लार्क पहुंचे
टेस्ट मैच के लिए विशेषज्ञ कमेंटेटर्स का दल शुक्रवार को धर्मशाला पहुंच गया। इनमें पूर्व क्रिकेटर कपिल देव, सुनील गावस्कर, रवि शास्त्री, संजय मांजरेकर, वीवीएस लक्ष्मण, सुरेश प्रभु, पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क और ब्रेट ली स्पाइस जेट और एयर इंडिया के नियमित विमान से गगल हवाई अड्डे पर उतरे। वे सड़क मार्ग से धर्मशाला पहुंचे।