कैप्टन विराट कोहली के लिए 'लकी' है धर्मशाला, ये रिकॉर्ड हैं गवाह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टेस्ट सीरीज में अब तक बल्ले से खामोश रहे कप्तान कोहली का बल्ला धर्मशाला में खूब चलता है। यहां कोहली का अब तक का प्रदर्शन यही साबित कर रहा है। अब तक टीम इंडिया धर्मशाला में तीन वनडे और एक टी-20 मैच खेल चुकी है।
कोहली के नाम यहां एक शतक भी है। वह इस मैदान पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी भी है। साल 2014 में वेस्टइंडीज के खिलाफ कोहली ने 114 गेंदों में 127 रन की मैच जिताऊ पारी खेली थी। कोहली के शतक की बदौलत भारतीय टीम ने 330 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था।
इसके बाद 16 अक्तूबर 2016 को न्यूजीलैंड के खिलाफ हुए वनडे में भी कोहली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए यहां दर्शकों का दिल जीत लिया था। कोहली ने इस मैच में 85 रन की पारी खेली थी।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ हुए टी-20 मैच भी कोहली ने दमदार प्रदर्शन कर धर्मशाला में अपने शानदार रिकॉर्ड को कायम रखा। कोहली ने इस मैच में 27 गेंदों में 43 रनों की पारी खेली थी। हालांकि, टीम इंडिया बड़े स्कोर वाले इस मैच को हार गई थी।
ऐसे में कोहली धर्मशाला में रनों को सूखे को समाप्त कर सकते हैं। तीन मैचों में कोहली के नाम अब तक केवल 46 रन हैं। सीरीज में उनका उच्चतम स्कोर 15 रन है। पुणे टेस्ट में कोहली ने 0, 13, बंगलूरू में 12 और 15 तथा रांची में खेली एक पारी में उन्होंने केवल छह रन बनाए थे।
इन खिलाड़ियों के लिए धर्मशाला में पहला मैच
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज के चौथे एवं निर्णायक मैच को धर्मशाला पहुंची टीम इंडिया के साथ करीब आधा दर्जन चेहरे नए हैं। यदि इन खिलाड़ियों को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलती है, तो उनका यह धर्मशाला में पहला मैच होगा।
वहीं टीम इंडिया के ऑल राउंडर हार्दिक पांडे का भी धर्मशाला मैदान में उतरना लगभग तय है। क्योंकि हार्दिक पांडे का धर्मशाला मैदान में ही डेब्यू हुआ है। इसमें पांडे ने उम्दा खेल का प्रदर्शन करते हुए मेन ऑफ द मैच जीता था।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही चार मैचों की टेस्ट सीरीज का 25 से 29 मार्च तक धर्मशाला मैदान में चौथा एवं अंतिम मैच खोला जाएगा। यह मैच इसलिए भी अहम है क्योंकि अब तक सीरीज में दोनों टीमें एक-एक की बराबरी पर हैं।
इसके चलते धर्मशाला में होने वाला यह मैच सीरीज के विजेता का चयन करेगा। विराट कोहली की कप्तानी में जहां धर्मशाला में टीम इंडिया पहली बार मैदान में उतरेगी। वहीं इस टीम के सदस्यों के रूप में यदि धर्मशाला में तरुण नायर, ऋद्धिमान साहा, लोकेश राहुल और मुरली विजय में से कोई भी प्लेइंग इलेवन में आता है, तो इनका यह धर्मशाला में पहला अंतरराष्ट्रीय मैच होगा।
टीम के दो खिलाड़ी पहुंचे अपनी अर्धांगिनी के साथ
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में होने वाले भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज के फाईनल मैच को लेकर टीम इंडिया के दो खिलाड़ी अपनी-अपनी पत्नी के साथ पहुंचे हैं। टीम इंडिया के सदस्य उमेश यादव अपनी बीवी तान्या बाधवा और चितेश्वर पुजारा अपनी पत्नी पूजा पबरी के साथ धर्मशाला पहुंचे हैं।
गगल एयरपोर्ट पर टीम इंडिया के खिलाड़ियों का एचपीसीए के प्रवक्ता संजय शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने स्वागत किया। वहीं प्रशंसक भी अपने चहेते खिलाड़ियों के दीदार पाने के लिए पहुंचे।
बारिश में धुल सकते हैं अभ्यास सत्र
भारत-आस्ट्रेलिया के बीच धर्मशाला में चौथे और निर्णायक टेस्ट से पहले दोनों टीमों के अभ्यास सत्र में खराब मौसम बाधा बन सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र धर्मशाला ने 22 मार्च और 23 मार्च को धर्मशाला में भारी अंधड़, ओलावृष्टि और बारिश होने की चेतावनी जारी की है।
हालांकि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 24 मार्च को बारिश की संभावना न के बराबर है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि 21 मार्च की शाम से पश्चिमी हवाएं राज्य में प्रवेश करेंगी जिससे मौसम में बदलाव आएगा।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अपने पूर्वानुमान में पहले 25 से 27 मार्च तक बारिश की संभावना जताई थी, लेकिन अब 25 व 26 मार्च के दिन आमतौर पर मौसम साफ रहने की संभावना जताई है जिससे कंगारूओं और भारत के बीच अंतिम टेस्ट के रोमाचंक होने की उम्मीद है।