हथियारों से लैस गुंडों ने मजदूरों को लूटा, भारी मशीनों की चाबियां लेकर हुए फरार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कसौली में हथियारों से लैस गुंडों ने हमला कर स्टोन क्रशर में काम कर रहे मजदूरों को लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आरोपी अपने साथ भारी वाहनों की चाबियां और करीब एक लाख 12 हजार रुपये की नकदी लूट ले गए।
यह स्टोन क्रशर में लगे मजदूरों का वेतन था। आरोपी मजदूरों के वेतन से जुड़े रजिस्टर भी अपने साथ ले गए हैं। पुलिस को शुक्रवार देर रात पीड़ितों ने दूरभाष पर घटना की जानकारी दी।
रातभर पुलिस ने मुख्य मार्ग पर जगह-जगह नाके लगा दिए, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई। पुलिस ने बरोटीवाला रोड से पॉकलेन मशीन को बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम नरेंद्र पुत्र ईश्वर सिंह निवासी नामुंडा तहसील समालखा जिला पानीपत हरियाणा ने पुलिस को बताया कि वह संजय सिंगला के स्टोन क्रशर पर काम करता है।
वह अपने चार अन्य साथियों के साथ स्टोन क्रशर साइट पर बैठा था। इस दौरान शाम करीब छह बजकर 50 मिनट पर तीन-चार गाड़ियों में एक दर्जन से अधिक लोग सवार होकर आए और मारपीट शुरू कर दी।
इन लोगों में अनु शर्मा, अमृतलाल चहल, अली, सुरेंद्र व उनके साथी शामिल थे। इनके पास कुल्हाड़ी व डंडे थे। मजदूरों के मोबाइल, पॉकलेन मशीन, टिप्पर, ट्रैक्टर ट्राली, मोटरसाइकिल की चाबियां व वेतन के रजिस्टर समेत एक लाख 12 हजार रुपये का वेतन ले गए।
जल्द पकड़े जाएंगे आरोपी : एसपी
पुलिस अधीक्षक मोहित चावला ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जगह-जगह नाके लगा दिए हैं। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पॉकलेन मशीन को बरामद कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नौणी में घर से आभूषण, नकदी चोरी
नौणी में एक घर से हजारों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी अनुसार पुलिस थाना सोलन में प्रेमलता पत्नी बाबूराम कोफटु शाया डाकघर वासनी जिला सिरमौर जोकि नौणी विवि में कार्यरत है, ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह 21 सितंबर को अपने गांव सिरमौर गई थी।
अगले दिन सुबह वापस आई तो पाया कि उसके किराये के घर में अलमारी व बक्से खुले पड़े थे। कमरे का सामान बिखरा हुआ था। सोने-चांदी के जेवर और 12 हजार की नकदी चोरी हो गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एचआरटीसी बस परिचालक से मारपीट
वहीं परवाणू-पट्टा मार्ग पर 15 लोगों ने एचआरटीसी बस परिचालक की पिटाई कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार देवराज निवासी गांव कानु जोकि एचआरटीसी बस में परिचालक पद पर तैनात है। उसने शिकायत की है कि बस नंबर एचपी 64-7064 में परवाणू से पट्टा जा रहा था।
इस बीच तिडो गांव के समीप पट्टा की तरफ से चार गाड़ियां आईं। जिन्होंने बस को साइड नहीं दी। जब बात करने उतरा तो गाड़ियों से 14-15 व्यक्तियों ने मारपीट की। बस की सवारियों ने उसे उनके चुुंगल से छुड़ाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।