{"_id":"d7392ef558800e69845088521f5995a1","slug":"kejriwal-on-jan-lokpal","type":"story","status":"publish","title_hn":"जन लोकपाल के लिए कुछ भी करेंगे: केजरीवाल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जन लोकपाल के लिए कुछ भी करेंगे: केजरीवाल
अमर उजाला, नई दिल्ली
Updated Sun, 09 Feb 2014 09:23 AM IST
विज्ञापन
जन लोकपाल बिल पर टकराव बढ़ता जा रहा है। उपराज्यपाल नजीब जंग पर आरोप लगाने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि बिल पारित करवाने के लिए वह किसी भी हद तक जाएंगे। वहीं विधेयक के मसौदे पर राय लिए जाने की बात से इंकार करने वाले संविधान विशेषज्ञों ने साफ किया कि उनसे सिर्फ वैधानिक प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली गई थी।
विज्ञापन
आप के प्रवक्ता गोपाल राय ने कहा कि जन लोकपाल बिल पर दिल्ली सरकार ने चार संविधान विशेषज्ञों की राय नहीं ली थी, बल्कि उनसे वैधानिक प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी मांगी थी। हालांकि, इसे लेकर तब भ्रम की स्थिति बन गई जब पूर्व न्यायाधीश मुकुल मुद्गल, पूर्व अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल केएन भट्ट और वरिष्ठ वकील पिनाकी ने एक सुर में कहा कि उनसे विधेयक पर कोई राय नहीं ली गई। इसके बाद आप पार्टी और दिल्ली सरकार के मीडिया सलाहकार को सफाई देने के लिए सामने आना पड़ा।
विज्ञापन
दूसरी ओर केजरीवाल ने शनिवार को संपादकों के साथ बातचीत में कहा कि जन लोकपाल बिल पारित करवाने के लिए वे किसी भी हद तक जाएंगे। जब सवाल किया गया कि क्या वह इस्तीफा भी दे सकते हैं तो उन्होंने कहा कि किसी भी हद तक जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली कैबिनेट पिछले हफ्ते बिल का मसौदा मंजूर कर चुकी है। इसके दायरे में मुख्यमंत्री से लेकर समूह डी के कर्मचारी समेत सभी लोक सेवक आते हैं। बिल में भ्रष्टाचार का दोषी पाए जाने वालों के लिए अधिकतम उम्रकैद का प्रावधान है।
विज्ञापन
अन्ना हजारे से मिले केजरीवाल
केजरीवाल ने मुख्यमंत्री बनने के बाद शनिवार देर शाम पहली बार अन्ना हजारे से महाराष्ट्र सदन में मुलाकात की। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच बंद कमरे में 20 मिनट तक बातचीत हुई। हालांकि, केजरीवाल ने मुलाकात को औपचारिक बताया। दोनों में राजधानी में सरकार को लेकर जारी विवाद पर भी चर्चा हुई।
केजरीवाल ने अन्ना को दिल्ली सरकार के जन लोकपाल के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उनसे समर्थन मांगा। बताया जा रहा है कि अन्ना ने अरविंद को भरोसा दिया है कि दिल्ली सरकार के बिल का अध्ययन करने के बाद वह अपनी राय जाहिर करेंगे। बताया जा रहा है कि अन्ना 16 फरवरी को दिल्ली में ही रहेंगे।
