{"_id":"33b30ccf0d5fe13412f4872ce128316f","slug":"congress-bjp-aap-in-delhi-assembly-election-results","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली: आप की झाड़ू चली, कांग्रेस का सूपड़ा साफ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली: आप की झाड़ू चली, कांग्रेस का सूपड़ा साफ
अमर उजाला, दिल्ली
Updated Sun, 08 Dec 2013 07:26 PM IST
विज्ञापन
विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस का गुरूर चकनाचूर कर दिया है। अरविंद केजरीवाल की पार्टी सभी आकलन गलत साबित करते हुए दिल्ली की दूसरा सबसे बड़ा दल बनकर उभरा है।
विज्ञापन
आप ने केवल कांग्रेस को धूल नहीं चटाई, बल्कि सरकार बनाने का ख्वाब देख रही भाजपा के सामने भी कड़ी चुनौती पेश करते हुए उसे बराबर टक्कर दी।
15 साल से दिल्ली में राज कर रहीं शीला दीक्षित की अगुवाई में मैदान में उतरी कांग्रेस के वादों-दावों की हवा निकल गई और वह दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंचती दिख रही।
विज्ञापन
तस्वीरों में देखें: जीत की खुशी में सराबोर 'आप' के कार्यकर्ता
भाजपा फिलहाल सबसे आगे चल रही है, लेकिन आम आदमी पार्टी से उसे कड़ी चुनौती मिल रही है। कांग्रेस होड़ से बाहर है और शीला दीक्षित अपना इस्तीफा उप-राज्यपाल को भेज चुकी हैं।
विज्ञापन
परिणाम
70 सीटों में से 57 सीटों के परिणाम घोषित हो चुके हैं। भाजपा 26 सीटें जीत चुकी है और 5 सीटों पर आगे है। धमाकेदार एंट्री करने वाली आप को 21 सीटें मिली हैं और 6 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। अपनी लुटिया डूबो चुकी कांग्रेस ने 7 सीटों पर जीत दर्ज की है जबकि 2 सीटों पर आगे चल रही है। 3 सीटें अन्य दलों के खाते में गई हैं।
इस शानदार जीत पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह भ्रष्टाचार के खिलाफ जीत है। यह देश के लोगों की जीत है। वह न समर्थन लेंगे और न ही समर्थन देंगे। विधानसभा में उनकी पार्टी एक जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाएगी।
कांग्रेस से आम जनता इतनी नाखुश है कि पार्टी की इतनी बुरी गत किसी ने नहीं सोची थी। जन लोकपाल आंदोलन के दौरान केजरीवाल को कांग्रेस के नेताओं ने चुनाव में हकीकत पता चलने की बात कही थी, लेकिन आज हकीकत का सामना करते हुए कांग्रेस को पसीने आ गए।
केजरीवाल ने शीला को हराया
अरविंद केजरीवाल ने नई दिल्ली सीट से शीला दीक्षित को 22 हजार मतों से हरा दिया है। भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार डॉ. हर्षवर्धन कृष्णा नगर सीट से 43 हजार मतों से जीत गए हैं।
विधानसभा की 70 सीटों पर हुए वोटिंग की मतगणना के रुझानों-नतीजों में भाजपा को अरविंद केजरीवाल की आप से कड़ी टक्कर मिल रही है।
चार मंत्री भी हारे
कांग्रेस के चार मंत्रियों को हार का मुंह देखना पड़ा है। आप के प्रत्याशी विनोद कुमार ने स्वास्थ्य मंत्री ए के वालिया को लक्ष्मीनगर सीट से हरा दिया है।
हालांकि गांधी नगर सीट से शिक्षा मंत्री अरविंद सिंह लवली जीत गए हैं। पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र से आप के प्रत्याशी मनीष सिसौदिया जीते हैं।
शीला ने दिया इस्तीफा
कांग्रेस की करारी हार को देखते हुए मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने उप-राज्यपाल को अपना इस्तीफा भेज दिया है। शीला दीक्षित ने कहा है कि जनता का फैसला उनको स्वीकार है। उन्होंने अपनी हार स्वीकार कर ली है। शीला पर भी हार का खतरा मंडरा रहा है।
रिकॉर्ड मतदान
दिल्ली में चार दिसंबर को रिकॉर्ड 65.48 फीसदी मतदान हुआ है। इस बार 16 लाख से अधिक नए मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। इस बार 65.78 फीसदी पुरुषों ने जबकि 65.17 फीसदी महिलाओं मतदान किया।
राजधानी में इस बार 1,19,32,069 मतदाता थे और उनमें 78,14,117 ने मताधिकार का प्रयोग किया।
एग्जिट पोलों की मानें तो इस बार कांग्रेस सत्ता गंवा सकती है। दिल्ली विधानसभा में कांग्रेस ने पिछली बार 43 और भाजपा ने 23 सीटें हासिल की थीं।
दिल्ली में पिछले चुनाव में 1,07,26,573 मतदाताओं में से 61,77,344 मतदाताओं ने वोट डाले थे। जिनमें से कांग्रेस को 24,89,816 मत, भाजपा को 22,44,629 मत और बसपा को 8,67,672 मत मिले थे।
सुरक्षा
राज्य के 9 जिले में 14 मतगणना केंद्र पर ईवीएम की सुरक्षा के लिए कुल 26 कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स तैनात की गई है। केंद्रों पर बनाए गए स्ट्रांग रूम के आस-पास की सुरक्षा घेरे से लोकल पुलिस को दूर रखा गया है। अंदर पूरी सुरक्षा पैरामिलिट्री फोर्स जबकि बाहर की सुरक्षा दिल्ली पुलिस के पास है।