गुजरात पुलिस में महिलाओं को मिलेगा एक तिहाई आरक्षण
गुजरात की पहली महिला मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को एक एतिहासिक फैसले में प्रदेश की महिलाओं को पुलिस फोर्स में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का ऐलान किया।
करीब एक महीने पहले सत्ता संभालने वाली आनंदीबेन ने कहा कि उनकी सरकार राज्य पुलिस में महिलाओं को 33 प्रतिशत (एक तिहाई) आरक्षण दिए जाने के लिए कृतसंकल्प है।
आनंदीबेन ने गुजरात पुलिस अकादमी में पासिंग आउट परेड के दौरान कहा कि महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए उनका सशक्तीकरण जरूरी है।
गुजरात में हो जाएंगी 20,000 महिला पुलिसकर्मी
उन्होंने कहा कि पुलिस फोर्स में महिला आरक्षण देने का फैसला जल्द ही लागू किया जाएगा। आनंदीबेन ने दावा किया कि गुजरात में सबसे कम अपराध दर है और इसके लिए पुलिस फोर्स का काम सराहनीय है।
प्रदेश पिछले एक दशक में कर्फ्यू मुक्त रहा है। आनंदीबेन ने कहा कि पुलिस एकेडमी से अब तक अलग-अलग पाठ्यक्रमों में 952 महिलाएं पास आउट हुई हैं। गुजरात में फिलहाल करीब 2500 महिला पुलिसकर्मी हैं और सरकार के इस निर्णय के बाद इनकी संख्या बढ़कर 19800 हो जाएगी।