{"_id":"a90372d6985418792a1d8ba98d41c428","slug":"political-struggle-sharp-at-spied-of-woman","type":"story","status":"publish","title_hn":"साहेब, युवती और जासूसी पर सियासी संग्राम तेज","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
साहेब, युवती और जासूसी पर सियासी संग्राम तेज
अमर उजाला, दिल्ली
Updated Tue, 19 Nov 2013 02:56 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वर्ष 2009 में अहमदाबाद में ‘साहेब’ के लिए आर्किटेक्ट युवती की जासूसी मामले में भाजपा और कांग्रेस की सियासी जंग चरम पर पहुंच गई है। सोमवार को भी दोनों पार्टियों ने इस मामले में एक-दूसरे पर जोरदार हमला किया।
विज्ञापन
भाजपा ने कांग्रेस को ‘डर्टी ट्रिक्स डिपार्टमेंट’ करार देते हुए उसे इस मामले में अदालत में घसीटने की चेतावनी दी है। दूसरी ओर, कांग्रेस ने पलटवार करते हुए भाजपा के पीएम पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी को देशभर में काले झंडे दिखाने की घोषणा की है।
विज्ञापन
महिला कांग्रेस ने मंगलवार को बैठक कर इस मामले में मोदी के खिलाफ अभियान चलाने की रणनीति बनाई है तो भाजपा ने कांग्रेस को उसी की भाषा में जवाब देने का संकेत दिया है।
विज्ञापन
युवती की जासूसी का मुद्दा रविवार को गरमाया था। तब भाजपा प्रवक्ता मीनाक्षी लेखी मोदी के बचाव में उतरी थीं, लेकिन सोमवार को पूरी पार्टी गुजरात के मुख्यमंत्री के साथ खड़ी नजर आई।
पार्टी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद और प्रवक्ता निर्मला सीतारमन ने कांग्रेस के आरोपों पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि पार्टी इसके लिए चुनाव आयोग से लेकर अदालत तक का विकल्प अपना सकती है।
प्रसाद ने कहा कि इस मामले में खोजी पोर्टल, कांग्रेस और सीबीआई की मिलीभगत है। गुजरात के आईएएस प्रदीप शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट में मोदी के खिलाफ ऐसे ही आरोप अपनी याचिका में लगाए थे, लेकिन शीर्ष अदालत ने शर्मा को कड़ी फटकार लगाते हुए इन आरोपों को वापस लेने का निर्देश दिया था।
प्रसाद ने कहा कि दरअसल कांग्रेस डर्टी ट्रिक्स डिपार्टमेंट बन कर रह गई है। भाजपा नेताओं ने सोमवार को फिर दुहराया कि युवती के पिता के अनुरोध पर राज्य सरकार की ओर से उसकी सुरक्षा के उपाय किए थे।
उधर, कांग्रेस ने सोमवार को एक बार फिर अपनी महिला नेताओं रीता बहुगुणा जोशी और पार्टी की महिला शाखा की अध्यक्ष शोभा ओझा को मैदान में उतारा।
दोनों नेताओं ने मोदी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए चेतावनी दी कि अगर गुजरात सरकार मंगलवार तक इस मामले में सफाई नहीं देती है तो मोदी को देशभर में काले झंडे दिखाए जाएंगे।
ओझा ने आगे की रणनीति तय करने के लिए महिला कांग्रेस की मंगलवार को बैठक बुलाने की घोषणा की है। जोशी ने कटाक्ष करते हुए सवाल किया कि यह भी पता चलना चाहिए कि महज मौखिक अनुरोध पर मोदी ने कितनी और महिलाओं की सुरक्षा के नाम पर जासूसी कराई है।
भाजपा की ओर से कांग्रेस को डर्टी ट्रिक्स डिपार्टमेंट बताए जाने पर जोशी ने पलटवार करते हुए कहा कि यह देश तय करेगा कि युवती का पीछा करने वाला, फोन टेप करने वाला, निजता का हनन करने वाला डर्टी ट्रिक्स डिपार्टमेंट या कांग्रेस।
आखिर अभिषेक मनु सिंघवी, नारायण दत्त तिवारी, महिपाल मदेरणा और बाबूलाल नागर के मामले सामने आने पर कांग्रेस की महिला ब्रिगेड को नारी अधिकार की चिंता क्यों नहीं हुई थी।
निर्मला सीतारमन
क्या है मामला
कोबरा पोस्ट और गुलेल डॉटकॉम ने शुक्रवार को गुजरात के तत्कालीन गृह राज्यमंत्री अमित शाह पर अपने ‘साहेब’ के लिए बंगलूरू की एक आर्किटेक्ट युवती की अहमदाबाद में जासूसी कराने का आरोप लगाया था। इनका दावा था कि वर्ष 2009 में न केवल युवती और उसके रिश्तेदारों के फोन सर्विलांस पर लगाए गए, बल्कि एटीएस, क्राइम ब्रांच और सीआईडी ने युवती की पल-पल की जानकारी शाह को मुहैया कराई।
... और मच गया सियासी घमासान
युवती की जासूसी का मामला सामने आते ही कांग्रेस नेता गिरिजा व्यास, जयंती नटराजन, रीता बहुगुणा जोशी और शोभा ओझा ने रविवार को मोदी पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि युवती की जासूसी कराने वाला साहेब कोई और नहीं बल्कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी हैं।
उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के वर्तमान या पूर्व जज से प्रकरण की जांच कराने की मांग भी कर डाली। जवाब में भाजपा प्रवक्ता मीनाक्षी लेखी ने कहा कि दरअसल कांग्रेस मोदी की लोकप्रियता से इतना डर गई है कि वह ओछी राजनीति पर उतर आई है। लेखी ने कहा कि युवती को सुरक्षा देने के लिए उसके पिता ने अनुरोध किया था।
उन्होंने कहा कि क्या इस मामले में लड़की, उसके माता-पिता, भाई या पति ने कोई शिकायत दर्ज कराई है? अगर नहीं तो साफ है कि इस मामले में कांग्रेस राजनीतिक लाभ लेने के लिए उछाल रही है।