योगी सरकार शुरू करेगी कन्यादान योजना, बेसहारा और बुजुर्गों को भी राहत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के सीएम आदित्यनाथ योगी ने ‘अनुसूचित जाति की पुत्रियों की शादी के लिए अनुदान योजना’ को सामूहिक विवाह योजना के रूप में लागू किए जाने की संभावनाओं पर विचार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इससे गरीब लड़कियों का दहेज रहित विवाह हो सकेगा। उन्होंने कहा कि इस योजना का नाम कन्यादान योजना रखा जाए।
केंद्रीय योजनाएं से जुड़ेंगी राज्य की योजनाएं
मुख्यमंत्री ने सभी योजनाओं को भारत सरकार की योजनाओं से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि इससे केंद्र सरकार से धन मिलने में आसानी होगी। इन्हें लागू करने में धन की कमी भी आड़े नहीं आएगी।
छात्रवृत्ति नियमावली में होगा संशोधन
अनुसूचित व सामान्य जाति के विद्यार्थियों के लिए लागू पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना की कमियों को दूर करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसमें मौजूद गड़बड़ियों को तत्काल दूर किया जाए। उन्होंने इस योजना के तहत विमुक्त जातियों-भर और कोरी आदि को लाभान्वित करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने अनुसूचित जाति और सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए लागू दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना की मौजूदा नियमावली में संशोधन करने के निर्देश भी दिए। वर्ष 2017-18 के लिए छात्रवृत्ति मास्टर डाटा को अपडेट करने के भी निर्देश दिए।
योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अत्याचार उत्पीड़न के तहत दी जाने वाली आर्थिक सहायता देने से पहले यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि इसका दुरुपयोग न होने पाए। उन्होंने कहा कि पीड़ित की मदद चार्जशीट के बाद समयबद्ध ढंग से की जाए।
जनजातियों के लिए बनेगी विशेष कल्याण योजना
मुख्यमंत्री ने राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय, परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्रों और छात्रावासों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यहां की कार्य प्रणाली की जांच अच्छी तरह से की जाए।
छात्रावासों के संचालन की स्थिति का भौतिक सत्यापन करने के भी निर्देश दिए। योगी ने थारू जनजाति और सोनभद्र समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में अनुसूचित जनजातियों के संबंध में एक विशेष कल्याण योजना बनाने के निर्देश भी दिए। कहा कि इनके बच्चों की पढ़ाई-लिखाई की विशेष व्यवस्था की जाए।
सामाजिक आयोग के गठन पर भी सहमति
मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण विभाग की ओर से प्रस्तावित ‘उत्तर प्रदेश सामाजिक आयोग’ के गठन पर विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा दिए जाने वाले कल्याण कार्ड में समाज कल्याण विभाग की सुविधाओं के संबंध में कहा कि इसे बीपीएल कार्ड से जोड़ते हुए इसका लाभ दिया जाएगा।
योगी ने 100 दिन के लिए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश भी दिए। वृद्धाश्रमों की व्यवस्था ठीक करने पर भी विशेष जोर दिया।
कहा, जहां पर परिवार मौजूद है, वहां मां-बाप को पेंशन योजना के दायरे में लाया जाए, ताकि वे अपने परिवार के साथ ही रह सकें। उन्होंने कहा कि बेसहारा बुजुर्गों को वृद्धाश्रम में रखा जाए और उनका सत्यापन भी किया जाए। उन्होंने मठ और मंदिरों में रहकर संस्कृत सीखने वाले विद्यार्थियों के लिए भी व्यवस्था करने के निर्देश दिए।