MBBS में दाखिले के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पांच जुलाई से
यूपी के 15 राजकीय मेडिकल कॉलेज व 21 प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों की एमबीबीएस की कुल 4640 सीटों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पांच जुलाई से शुरू हो रहे हैं। आठ जुलाई तक आवेदक वेबसाइट (https://upneet.gov.in) पर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकेंगे।
पंजीकरण कराने वाले आवेदक ही ऑनलाइन काउंसलिंग में हिस्सा ले सकेंगे। पहले चरण की काउंसलिंग 15 व 16 जुलाई को होगी। दूसरे चरण की काउंसलिंग 18 व 19 अगस्त को होगी। प्रदेश में पहली बार एमबीबीएस व बीडीएस की मेडिकल पीजी कक्षाओं की तर्ज पर ऑनलाइन काउंसलिंग होने जा रही है।
सोमवार को अपर मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा अनिता भटनागर जैन ने शैक्षिक सत्र 2017-18 में दाखिले के लिए काउंसलिंग कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया। यूजी-नीट 2017 की मेरिट से प्रवेश लिए जाएंगे। इस बार सरकारी व प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों की एक साथ काउंसलिंग होगी। इसके लिए चिकित्सा शिक्षा विभाग ने एनआईसी को तकनीकी संस्था के रूप में नामित किया है।
राजकीय मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए वही अभ्यर्थी पात्र होंगे जिन्होंने हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा प्रदेश में पास की हो। अगर दोनों में से एक परीक्षा पास की है तो सामान्य निवास प्रमाण पत्र देना होगा। यदि दोनों परीक्षाएं प्रदेश से बाहर पास की हों तो मूल निवास प्रमाण पत्र देना होगा।
प्राइवेट मेडिकल कॉलेज में दाखिले के लिए पंजीकरण जरूरी
प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए नीट-2017 की मेरिट सूची में शामिल आवेदक ही पात्र होंगे। इसमें उन्हें ही दाखिला मिलेगा जो काउंसलिंग के लिए पंजीकरण कराएंगे। प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में किसी भी प्रकार का आरक्षण मान्य नहीं होगा।
सरकारी मेडिकल कॉलेजों में हैं 1990 सीटें
प्रदेश में 15 राजकीय मेडिकल कॉलेज हैं। इनमें एमबीबीएस की 1990 सीटें हैं। जबकि प्राइवेट 21 मेडिकल कॉलेज हैं। इनमें एमबीबीएस की 2650 सीटें हैं। इसी प्रकार डेंटल के 23 प्राइवेट कॉलेजों में बीडीएस की 2300 सीटें हैं। वहीं सरकारी क्षेत्र में केवल केजीएमयू लखनऊ में बीडीएस की 51 सीटें हैं।
12 मेडिकल कॉलेजों में जांचे जाएंगे अभिलेख
12 मेडिकल कॉलेजों में काउंसलिंग के लिए पंजीकरण कराने वाले अभ्यर्थियों के अभिलेख जांचे जाएंगे। जिन अभिलेखों की जांच होगी उसमें शैक्षणिक, निवास, आरक्षण से संबंधित अभिलेख प्रमुख हैं।
यह जांच आजमगढ़, जालौन, कन्नौज, बांदा, इलाहाबाद, कानपुर, आगरा, मेरठ, गोरखपुर, झांसी, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, केजीएमयू, उप्र. आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई(इटावा) एवं डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान लखनऊ में होगी।
ये है दाखिला कार्यक्रम
ऑनलाइन पंजीकरण--5 जुलाई से 8 जुलाई
स्टेट मेरिट सूची प्रकाशित होने की संभावित तिथि--9 जुलाई
दस्तावेजों के सत्यापन की तिथि--9 जुलाई से 13 जुलाई
ऑनलाइन काउंसलिंग (पहला चरण)--15 जुलाई से 16 जुलाई
पहले चरण की काउंसलिंग का परिणाम--18 जुलाई
आवंटन पत्र डाउनलोड करने की तिथि--18 जुलाई से 19 जुलाई
आवंटित छात्रों के प्रवेश की तिथि--20 जुलाई से 22 जुलाई
ऑनलाइन काउंसलिंग (दूसरा चरण)--18 अगस्त से 19 अगस्त
दूसरे चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग का परिणाम--21 अगस्त
दूसरे चरण के आवंटन पत्र डाउनलोड करने की तिथि--22 से 23 अगस्त
दूसरे चरण के छात्रों के प्रवेश की तिथि--23 से 24 अगस्त
माप-अप राउंड आवंटन की तिथि--26 से 31 अगस्त
प्रवेश की अंतिम तिथि--31 अगस्त